फाजिल्का में दर्दनाक हादसा:नाकाबंदी के दौरान पैर फिसलकर ड्रेन में गिरने से BSF के ASI लक्खा सिंह की मौत
भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे फाजिल्का में एक दर्दनाक हादसे में BSF के एक जवान की मौत हो गई। यह हादसा गांव नूरशाह के पास ड्रेन के पुल पर हुआ।
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात गांव नूरशाह के पास बने ड्रेन के पुल पर BSF की टीम नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान 19वीं बटालियन में तैनात ASI लक्खा सिंह का अचानक पैर फिसल गया और वे पुल से नीचे ड्रेन में गिर गए।
साथी जवानों ने तुरंत उन्हें ड्रेन से निकालकर सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक जवान पंजाब के फरीदकोट जिले के रहने वाले थे।
मामले पर थाना सदर के प्रभारी हरदेव सिंह बेदी ने बताया कि उन्हें रात में सूचना मिली थी कि ड्रेन में गिरने से एक जवान घायल हो गया है। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पत्नी के बयान पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुल पर नहीं है रेलिंग, ग्रामीण पहले भी कर चुके हैं मांग
इस हादसे के बाद गांव नूरशाह के लोगों में रोष है। ग्रामीण सज्जन सिंह और सुखविंदर ने बताया कि जिस पुल पर यह हादसा हुआ, उस पर लंबे समय से रेलिंग नहीं लगी है। यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीण कई बार प्रशासन से रेलिंग लगाने की मांग कर चुके हैं। उनका कहना है कि सोमवार को हुआ हादसा भी रेलिंग न होने की वजह से हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस पुल पर रेलिंग का निर्माण किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

