रोहतक: छुट्टी पर आए CRPF जवान ने चाकू घोंपकर की पत्नी की हत्या, 2 दिन पहले ही पहुंचा था घर
रोहतक: हरियाणा के रोहतक स्थित बहुअकबरपुर गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान ने अपनी पत्नी की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान 36 वर्षीय मनीषा के रूप में हुई है। आरोपी पति सोमबीर वारदात के बाद से फरार है। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर आरोपी पति, सास और देवर के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लहूलुहान हालत में पड़ोसियों के पास पहुंची थी मनीषा
घटना के वक्त मनीषा की छाती और गले के पास चाकू से गंभीर वार किए गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनीषा गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ हालत में तड़पते हुए पड़ोसियों के घर तक पहुंची। पड़ोसी उसे तुरंत अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही बहुअकबरपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
सरप्राइज देने के नाम पर आया था, 2 दिन बाद कर दी हत्या
मृतका के भाई नरेंद्र (निवासी इस्माइलपुर) के अनुसार, सोमबीर CRPF में हवलदार के पद पर तैनात है। वह 21 अक्टूबर को छुट्टी लेकर घर आया था। वह मनीषा को सरप्राइज देना चाहता था, इसलिए बिना बताए गांव की गली में छिप गया था। मनीषा ने उसे देख लिया और अपनी बड़ी बेटी अनीशा से पिता को घर बुलाने के लिए कहा।
वारदात वाले दिन (23 अक्टूबर) की शाम नरेंद्र ने जब मनीषा को फोन किया, तो भांजी अनीशा ने फोन उठाया। नरेंद्र के मुताबिक, फोन के पीछे से सोमबीर के चिल्लाने और धमकाने की आवाजें आ रही थीं। मनीषा ने खुद को कमरे में बंद कर रखा था और सोमबीर दरवाजा पीटने के साथ ‘आज तुझे जान से मार दूंगा’ की धमकियां दे रहा था। इसके कुछ ही देर बाद हत्या की यह वारदात हो गई।
बेटा न होने पर सास-ससुर के ताने, अलग किराए पर रह रही थी मनीषा
परिजनों ने बताया कि मनीषा और सोमबीर की शादी 2009 में हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं—अनीशा (16) और चक्सु (14)। बेटा न होने की वजह से ससुराल पक्ष, विशेषकर सास कमलेश, मनीषा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करती थी और सोमबीर की दूसरी शादी कराने की धमकियां देती थी।
घरेलू कलह के चलते मनीषा करीब एक साल तक अपने मायके में भी रही थी। बाद में समझौते के तहत वह वापस ससुराल लौटी, लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला बंद नहीं हुआ। विवाद बढ़ने पर मनीषा अपनी दोनों बेटियों के साथ सास और देवर मोनू से अलग गांव में ही एक किराए के मकान में रहने लगी थी। वहीं गांव में उसका अपना नया मकान भी निर्माणाधीन था।
बहादुरी सम्मान के दावे पर संशय, आरोपी की तलाश जारी
मृतका के भाई ने दावा किया है कि सोमबीर को मणिपुर में चार आतंकियों को ढेर करने पर 15 अगस्त को सम्मानित किया गया था। हालांकि, पुलिस और CRPF प्रशासन की तरफ से इस सम्मान के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बहुअकबरपुर थाना प्रभारी जसबीर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतका के भाई नरेंद्र के बयान पर पति सोमबीर, सास कमलेश और देवर मोनू के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। फरार आरोपी सोमबीर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

