छुट्टी लेकर घर आए BSF जवान की सड़क हादसे में मौत, श्रीनगर में तैनात थे शिवम
उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक जवान की मौत हो गई। बाइक और ऑटो की आमने-सामने हुई टक्कर में जवान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे उनके साथी को चोटें आई हैं।
घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे मटेरिया गांव के पास हुई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
बाइक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के चंदौली खुर्द गांव निवासी 30 वर्षीय BSF जवान शिवम पुत्र रामपाल अपने साथी राजेंद्र रावत के साथ बाइक से मटेरिया चौराहे की ओर जा रहे थे।
बताया गया कि टोल टैक्स के पास लखनऊ की ओर से आ रहे एक ऑटो से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिवम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनके साथी राजेंद्र रावत घायल हो गए।
श्रीनगर में तैनात थे BSF जवान
शिवम BSF में तैनात थे और वर्तमान में श्रीनगर में ड्यूटी कर रहे थे। बताया गया है कि वह सोमवार को ही छुट्टी लेकर घर आए थे। घर लौटने के अगले ही दिन हुए हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उनकी मां माधुरी और पत्नी गुड़िया का रो-रोकर बुरा हाल है। शिवम की तीन विवाहित बहनें शिल्पी, ज्योति और निगम हैं।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
कोतवाल शरद कुमार ने बताया कि जवान की मौत सड़क हादसे में हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
छुट्टी पर घर आए BSF जवान की अचानक सड़क हादसे में मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।

