NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

SSB NEWS

भारत-नेपाल और भूटान सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 52 मानव तस्करी पीड़ित मुक्त; 32 तस्कर गिरफ्तार

सीमांत मुख्यालय गनियाद्योली में आईजी अमित कुमार ने गिनाईं एसएसबी की उपलब्धियां, नकली भारतीय और विदेशी मुद्रा भी बड़ी मात्रा में बरामद

सशस्त्र सीमा बल (SSB) भारत-नेपाल और भारत-भूटान अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ नक्सल विरोधी अभियानों और देश की आंतरिक सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जम्मू-कश्मीर में आंतरिक सुरक्षा, चुनाव ड्यूटी, अमरनाथ यात्रा तथा आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में भी एसएसबी के जवान लगातार जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

सीमांत मुख्यालय गनियाद्योली में रविवार शाम आयोजित प्रेसवार्ता में आईजी एसएसबी अमित कुमार ने बल की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत-नेपाल और भारत-भूटान सीमा पर मानव तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अब तक 45 मामले दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान 32 मानव तस्करों को गिरफ्तार कर 52 पीड़ितों को उनके चंगुल से मुक्त कराया गया।

नकली मुद्रा और मादक पदार्थों पर भी कार्रवाई

आईजी अमित कुमार ने बताया कि एसएसबी ने सीमा पर तस्करी और भारतीय अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की है। विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए 54.74 लाख रुपये की नकली भारतीय मुद्रा तथा 8.09 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा बरामद की गई है।

इसके अलावा एसएसबी ने 116 मामलों में कार्रवाई करते हुए 136 तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि 41.87 किलोग्राम मादक पदार्थ भी जब्त किए गए हैं।

सीमावर्ती क्षेत्रों में सामाजिक जिम्मेदारी भी निभा रहा SSB

आईजी ने कहा कि एसएसबी की जिम्मेदारी केवल सीमा सुरक्षा तक सीमित नहीं है। बल सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग ले रहा है।

दूरदराज के सीमावर्ती इलाकों में मानव एवं पशु चिकित्सा शिविर, कौशल विकास कार्यक्रम और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य सीमावर्ती आबादी को आवश्यक सुविधाओं और सरकारी योजनाओं से जोड़ना है।

18 अधिकारियों और जवानों को सम्मान

आईजी अमित कुमार ने बताया कि उत्कृष्ट सेवा, बेहतर प्रदर्शन और कर्तव्यपरायणता के लिए सीमांत मुख्यालय के 18 अधिकारियों एवं कार्मिकों को महानिदेशक गोल्डन एवं सिल्वर डिस्क से सम्मानित किया गया है। वहीं 11 अधिकारियों और कार्मिकों को महानिदेशक प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

उन्होंने कहा कि सीमा पर तैनात एसएसबी के जवान कठिन परिस्थितियों में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ देश की सुरक्षा में जुटे हैं। सीमा सुरक्षा से लेकर मानव तस्करी और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने तक बल लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है।

Spread the love

Editorial Desk – News of Paramilitary

Editorial Desk, News of Paramilitary, covers verified news, policy updates and field reports related to India’s Paramilitary Forces. Content is published following strict editorial standards.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page