बक्सर : दर्दनाक सड़क हादसे में ITBP जवान धनजी यादव की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बक्सर। बिहार के बक्सर जिले के डुमरांव में गुरुवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (ITBP) के जवान धनजी यादव की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा खलवा इनार के समीप उस समय हुआ, जब वह बाइक से अपने गांव से वापस डुमरांव लौट रहे थे। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक धनजी यादव कोरानसराय थाना क्षेत्र के नाजीरगंज गांव के निवासी थे और आईटीबीपी में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, वह डुमरांव स्थित अपने डेरा से कुछ सामान लेने के बाद गांव गए थे। देर रात बाइक से वापस लौटते समय खलवा इनार के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव पुलिस, कोरानसराय थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइक बरामद कर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिलने के कारण टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन का पता लगाने में जुटी है।
पत्नी और तीन छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
धनजी यादव के निधन से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में उनकी पत्नी अंजू देवी और तीन छोटे बच्चे हैं। बड़ी बेटी मानसी (7 वर्ष), बेटा अंकुश कुमार (6 वर्ष) और सबसे छोटी बेटी प्रिया (5 वर्ष) डुमरांव के एक निजी विद्यालय में पढ़ाई कर रहे हैं। उनके पिता राजेंद्र सिंह किसान हैं। जवान की असमय मौत से परिवार सहित पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने जांच शुरू की
कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है और मामले की जांच जारी है। अज्ञात वाहन की पहचान कर उसके चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गांव के लोगों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई है।

