दिल्ली: जज के आवास पर तैनात CRPF जवान ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली, मौके पर ही मौत
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मोती बाग इलाके में बृहस्पतिवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान द्वारा ड्यूटी के दौरान आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। जवान ने अपनी सर्विस राइफल से सिर में गोली मार ली, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सरोजनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से जवान की सर्विस राइफल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 37 वर्षीय नरसी लाल यादव के रूप में हुई है, जो राजस्थान के जयपुर जिले के मंढा गांव के निवासी थे। वह CRPF में कांस्टेबल (जीडी) के पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में मोती बाग स्थित एक न्यायाधीश के सरकारी आवास पर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे।
बताया गया कि सुबह ड्यूटी के दौरान उनकी सर्विस राइफल से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही वहां मौजूद लोग गेट की ओर पहुंचे, जहां नरसी लाल यादव खून से लथपथ पड़े मिले। उनके सिर में गोली लगी हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही सरोजनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जवान को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी। दोपहर तक परिवार के सदस्य दिल्ली पहुंच गए। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के मित्र सुरेश शर्मा ने बताया कि नरसी लाल यादव अपने पीछे पत्नी और दो छोटी बेटियों को छोड़ गए हैं।

