NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

ITBP NEWS

ड्यूटी पर लौट रहे ITBP जवान बबन कुमार शर्मा की सड़क हादसे में मौत, तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर पहुंचा घर

धनबाद/कुमारधुबी। कुमारधुबी के पंचमोहली निवासी 36 वर्षीय ITBP जवान बबन कुमार शर्मा उर्फ गुड्डू की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उनकी पोस्टिंग रांची में थी। हादसे की खबर मिलते ही पंचमोहली और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार सुबह ITBP जवान का पार्थिव शरीर तिरंगे में लपेटकर पूरे सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव लाया गया।

जानकारी के अनुसार, बबन कुमार शर्मा एक दिन की छुट्टी लेकर अपने घर पंचमोहली आए थे। सोमवार को वे मोटरसाइकिल से रांची स्थित अपनी ड्यूटी पर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रामगढ़ के गोला चौक के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद रांची ITBP कैंप के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल जवान को अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन मंगलवार को इलाज के दौरान बबन कुमार शर्मा ने दम तोड़ दिया।

तिरंगे में लिपटकर पहुंचा जवान का पार्थिव शरीर

बुधवार सुबह रांची ITBP कैंप से जवान का पार्थिव शरीर तिरंगे में लपेटकर कुमारधुबी लाया गया। ITBP के जवान भी उनके साथ मौजूद रहे। पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही परिजनों, ग्रामीणों और परिचितों की आंखें नम हो गईं।

पूरे राष्ट्रीय सम्मान के साथ जवान का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान “भारत माता की जय” और “बबन शर्मा अमर रहें” के नारों से माहौल गूंज उठा। चिरकुंडा घाट पर ITBP जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी।

गरीबी से निकलकर हासिल की थी ITBP में नौकरी

स्थानीय लोगों के अनुसार बबन कुमार शर्मा बेहद मिलनसार, मेहनती, सीधे-सादे और मददगार स्वभाव के थे। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और कड़ी मेहनत कर ITBP में नौकरी हासिल की थी। उनकी सफलता पर पूरे क्षेत्र को गर्व था।

बबन अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। जवान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पिता ने कहा—एक दिन की छुट्टी पर घर आया था बेटा

बबन के पिता भोला शर्मा ने बताया कि उनका बेटा एक दिन की छुट्टी लेकर घर आया था। छुट्टी पूरी होने के बाद वह मोटरसाइकिल से रांची ड्यूटी पर वापस जा रहा था। रामगढ़ के गोला चौक के पास दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

दोस्तों और ग्रामीणों ने की परिवार को मुआवजे की मांग

पड़ोसी मंतोष यादव ने कहा कि बबन बहुत सीधा और मददगार युवक था। गरीबी के बावजूद उसने कभी हिम्मत नहीं हारी। उसकी मेहनत और ITBP में नौकरी हासिल करने पर पूरे गांव को गर्व था।

बबन के दोस्त कुंदन यादव ने कहा कि वे दोनों साथ में बड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश सेवा के लिए बबन ने अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने सरकार से जवान के परिवार को उचित मुआवजा और सम्मान देने की मांग की।

ITBP जवान बबन कुमार शर्मा की असमय मौत से पंचमोहली और आसपास का पूरा इलाका गम में डूबा हुआ है। परिवार और ग्रामीणों के लिए यह क्षति अपूरणीय है।

Spread the love

Editorial Desk – News of Paramilitary

Editorial Desk, News of Paramilitary, covers verified news, policy updates and field reports related to India’s Paramilitary Forces. Content is published following strict editorial standards.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page