भागलपुर में CAPF ग्रुप सेंटर और NDRF की स्थायी बटालियन की मांग, सांसद अजय कुमार मंडल ने गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात
नई दिल्ली/भागलपुर। भागलपुर जिले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को गति देने के उद्देश्य से भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने भागलपुर की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और बुनियादी विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की और गृह मंत्री को मांग-पत्र सौंपा।
भागलपुर में CAPF का स्थायी ग्रुप सेंटर स्थापित करने की मांग
सांसद अजय कुमार मंडल ने मांग-पत्र में भागलपुर में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के किसी एक बल का स्थायी ग्रुप सेंटर स्थापित करने की मांग प्रमुखता से रखी। इसमें CRPF, BSF, SSB, CISF या ITBP में से किसी एक बल के ग्रुप सेंटर की स्थापना का प्रस्ताव शामिल है।
सांसद का कहना है कि भागलपुर में CAPF ग्रुप सेंटर स्थापित होने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे तथा आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
ग्रुप सेंटर की स्थापना से व्यापारियों, किसानों और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होने की उम्मीद जताई गई है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के कारण NDRF की स्थायी बटालियन की मांग
बैठक के दौरान भागलपुर में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की पूर्ण एवं स्थायी बटालियन स्थापित करने की मांग भी उठाई गई।
सांसद ने गृह मंत्री को बताया कि गंगा नदी के तट पर स्थित भागलपुर और इसके आसपास के कई जिले हर साल बाढ़, कटाव और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित होते हैं। उन्होंने विशेष रूप से नवगछिया, बांका, मुंगेर और खगड़िया जैसे क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य के लिए त्वरित प्रतिक्रिया बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि भागलपुर में NDRF की स्थायी तैनाती होने से बाढ़, नाव दुर्घटना, कटाव और अन्य आपात परिस्थितियों में बचाव दल को दूर से बुलाने में लगने वाला समय कम होगा। इससे राहत एवं बचाव अभियान अधिक तेज और प्रभावी तरीके से चलाया जा सकेगा तथा संभावित जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।
सांसद अजय कुमार मंडल के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों मांगों को गंभीरता से सुना और इस दिशा में सकारात्मक विभागीय पहल करने का आश्वासन दिया।
सांसद ने कहा कि भागलपुर की जनता की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करना और क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। CAPF ग्रुप सेंटर और NDRF की स्थायी बटालियन की स्थापना होने से भागलपुर सहित आसपास के जिलों को भी सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में बड़ा लाभ मिल सकता है।

