ITBP में खिलाड़ियों के लिए बंपर भर्ती, कांस्टेबल GD के 126 पदों पर निकली वैकेंसी, 3 अक्टूबर से शुरू होंगे आवेदन
नई दिल्ली। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) ने मेधावी खिलाड़ियों के लिए बड़ी भर्ती का ऐलान किया है। महानिदेशालय, ITBP, गृह मंत्रालय द्वारा जारी विंडो एडवर्टाइजमेंट के अनुसार कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) स्पोर्ट्स कोटा-2025 के तहत कुल 126 पदों पर भर्ती की जाएगी।
ITBP महानिदेशालय ने इस संबंध में पत्र सेंट्रल ब्यूरो ऑफ कम्युनिकेशन (CBC) को भेजा है, जिसमें एम्प्लॉयमेंट न्यूज/रोजगार समाचार और प्रमुख राष्ट्रीय/स्थानीय अखबारों में विज्ञापन प्रकाशित करने को कहा गया है।
महत्वपूर्ण तारीखें
ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तिथि – 03 अक्टूबर 2026 (सुबह 00:01 बजे से)
आवेदन की अंतिम तिथि – 01 नवंबर 2026 (रात 11:59 बजे तक)
विभाग ने CBC से अनुरोध किया है कि विज्ञापन 03.10.2026 से पहले हर हाल में प्रकाशित कर दिया जाए।
कुल वैकेंसी – 126 पद
इस भर्ती में पुरुषों के लिए 72 और महिलाओं के लिए 54 पद आरक्षित हैं। भर्ती ग्रुप ‘C’ (Non-Gazetted & Non Ministerial) के तहत होगी।
किन-किन खेलों में भर्ती होगी – 28 डिसिप्लिन शामिल
ITBP ने इस बार 28 खेलों को शामिल किया है, जिनमें एथलेटिक्स, एक्वाटिक, तीरंदाजी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, घुड़सवारी, फुटबॉल, जिम्नास्टिक, हैंडबॉल, आइस हॉकी, हॉकी, जूडो, खो-खो, पेंचक सिलाट, पावरलिफ्टिंग, स्की, शूटिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, रेसलिंग, कैनोइंग, कयाकिंग, रोइंग, MTB साइक्लिंग और कराटे शामिल हैं।
सबसे ज्यादा पद जूडो में 12, बॉक्सिंग में 9, स्की और शूटिंग में 8-8, बैडमिंटन, आइस हॉकी, जिम्नास्टिक, वॉलीबॉल और ताइक्वांडो में 6-6 पद हैं।
योग्यता और सैलरी
पद का नाम: कांस्टेबल (General Duty) – Sportsperson
लिंग: पुरुष और महिला (भारतीय नागरिक, जिसमें नेपाल और भूटान के नागरिक भी शामिल)
पे स्केल: Rs. 21,700 से 69,100/- (Level-3)
उम्र सीमा: 18 से 23 वर्ष। मेधावी खिलाड़ियों को ऊपरी आयु सीमा में अधिकतम 5 वर्ष (SC/ST के मामले में 10 वर्ष) की छूट दी जाएगी, बशर्ते वे अन्य सभी पात्रता शर्तें पूरी करते हों।
आवेदन कैसे होगा
आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन मोड में होगा। इच्छुक और योग्य खिलाड़ी ITBP की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 3 अक्टूबर से आवेदन कर सकेंगे।
खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी पाने का यह सुनहरा मौका है, खासकर उन युवाओं के लिए जो खेल के साथ-साथ देश सेवा भी करना चाहते हैं।




*Q1. ITBP Sports Quota में कुल कितने पद हैं?*
कुल 126 पद, जिसमें पुरुषों के लिए 72 और महिलाओं के लिए 54 पद हैं।
*Q2. ITBP Constable GD Sports Quota के लिए आवेदन कब से शुरू होंगे?*
ऑनलाइन आवेदन 03 अक्टूबर 2026 से शुरू होंगे और 01 नवंबर 2026 तक चलेंगे।

