लोन ऐप के उत्पीड़न से परेशान CRPF जवान ने की खुदकुशी, हैदराबाद की दुखद घटना
हैदराबाद: ऑनलाइन लोन ऐप के उत्पीड़न और कर्ज के दबाव के चलते केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान द्वारा आत्महत्या करने का दर्दनाक मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय गद्दे पवन के रूप में हुई है, जो हैदराबाद में CRPF कांस्टेबल के पद पर तैनात थे और शहर के इंदिरा नगर इलाके में रहते थे।
10 लाख रुपये का लिया था कर्ज बोरबंडा पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जवान पवन ने अपनी व्यक्तिगत जरूरतों के लिए विभिन्न ऑनलाइन लोन ऐप्स के जरिए लगभग 10 लाख रुपये का कर्ज ले रखा था। समय पर कर्ज की अदायगी न कर पाने के कारण वह गंभीर मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि लोन रिकवरी एजेंट्स के लगातार मानसिक दबाव और उत्पीड़न से तंग आकर उन्होंने यह घातक कदम उठाया।
वॉशरुम में लगाई फांसी शनिवार तड़के पवन ने अपने घर के वॉशरूम में शॉवर से लुंगी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय बोरबंडा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब उन लोन ऐप्स और रिकवरी एजेंट्स के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है जो जवान को परेशान कर रहे थे।

