छुट्टी लेकर घर लौट रहे CISF जवान की सड़क हादसे में मौत, डंपर से टक्कर के बाद मौके पर तोड़ा दम
बलिया के फेफना थाना क्षेत्र के खोरी पाकड़ गांव निवासी CISF जवान अनिल राय (48) की शुक्रवार सुबह बिहार के बक्सर जिले के कोरान सराय में सड़क हादसे में मौत हो गई। अनिल राय दुर्गापुर स्टील प्लांट में CISF में तैनात थे और छुट्टी मिलने के बाद बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, कोरान सराय क्षेत्र में उनकी बाइक की एक डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि अनिल राय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घर पहुंचने से पहले ही छिन गई जिंदगी
अनिल राय छुट्टी लेकर अपने परिवार से मिलने के लिए बाइक से खोरी पाकड़ स्थित घर के लिए निकले थे। परिवार को उनके जल्द घर पहुंचने का इंतजार था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचने पर परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सीमा राय, पुत्र हर्षित राय और पुत्री अपूर्वा राय का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहीं, गांव में भी शोक का माहौल रहा।
CISF और पुलिस ने दी अंतिम सलामी
अनिल राय को अंतिम विदाई के दौरान CISF चौसा, बक्सर के उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह और फेफना थाने के उपनिरीक्षक शंकर सिंह यादव की मौजूदगी में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
इस दौरान CISF जवान, पुलिसकर्मी, परिजन और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत जवान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
छुट्टी लेकर परिवार के बीच लौट रहे जवान की अचानक हुई मौत से परिजनों और गांव में गहरा दुख है।

