भोंडसी कैंप के पास दर्दनाक सड़क हादसे में BSF जवान की मौत, ड्यूटी पर लौटते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
गुरुग्राम (हरियाणा): भोंडसी इलाके में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक जवान की मौत हो गई। हादसा 12 मई 2026 की रात भोंडसी स्थित 95 बटालियन बीएसएफ ट्रांजिट कैंप के पास हुआ।
मृतक जवान की पहचान 31 बटालियन BSF के सिपाही (जीडी) रविंद्र के रूप में हुई है, जो दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र के निवासी थे।
छुट्टी से लौटकर ड्यूटी जॉइन करने पहुंचे थे जवान
जानकारी के अनुसार, सिपाही रविंद्र 28 दिनों की छुट्टी पूरी कर वापस ड्यूटी पर लौटे थे। उन्हें दिल्ली से श्रीनगर के लिए एयर कूरियर सेवा के माध्यम से आगे रवाना होना था। इसी प्रक्रिया के तहत उन्होंने 11 मई को भोंडसी स्थित 95 बटालियन ट्रांजिट कैंप में रिपोर्ट किया था।
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
बताया गया कि 12 मई की रात करीब 10:40 बजे, जवान कैंपस के गेट नंबर-1 से लगभग 200 मीटर दूर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची QRT
दुर्घटना के बाद एक स्थानीय नागरिक ने गेट पर तैनात संतरी को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बटालियन की क्विक रिएक्शन टीम (QRT), एडजुटेंट और मेडिकल स्टाफ एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। यूनिट के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी ने मौके पर प्राथमिक जांच की, जिसमें जवान की हालत अत्यंत गंभीर पाई गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गंभीर रूप से घायल जवान को तत्काल सेक्टर-10 स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उन्हें ब्रॉट डेड घोषित कर दिया। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, उनके सिर और सीने पर गंभीर व घातक चोटें आई थीं।
पुलिस जांच शुरू
घटना की औपचारिक सूचना 95 बटालियन के कमांडेंट कार्यालय द्वारा भोंडसी थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जांच कर रही है।

