BSF जवान के क्रेडिट कार्ड से 82,897 रुपये का आईफोन 17 खरीदा, बिना जानकारी हुई ऑनलाइन ठगी
सरदारनगर। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के देवकहिया निवासी बीएसएफ जवान के क्रेडिट कार्ड से अज्ञात व्यक्ति द्वारा बिना जानकारी के 82,897 रुपये का आईफोन 17 ऑनलाइन खरीदने का मामला सामने आया है। पीड़ित जवान सुधीर सिंह की तहरीर पर चौरीचौरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुधीर सिंह ने पुलिस को बताया कि 31 जनवरी को उनके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करके ऑनलाइन आईफोन 17 खरीदा गया। उनका कहना है कि उन्होंने किसी भी व्यक्ति के साथ अपने क्रेडिट कार्ड का ओटीपी या सीवीवी साझा नहीं किया था। इसके बावजूद उनके कार्ड से इतनी बड़ी रकम की खरीदारी कर ली गई।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने ऑनलाइन डिलीवरी की सुविधा का इस्तेमाल करते हुए सामान मंगवाया। घटना की जानकारी होने के बाद उन्होंने उसी दिन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और पुलिस को भी इसकी जानकारी दी।
सुधीर सिंह ने बताया कि वह पिछले 16 वर्षों से बीएसएफ में सेवा दे रहे हैं। क्रेडिट कार्ड से हुई इस अनधिकृत खरीदारी के बाद उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सीओ चौरीचौरा कुंदन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ऑनलाइन खरीदारी, क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल और डिलीवरी से जुड़े विवरण की जांच कर रही है। इन जानकारियों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

