श्रीनगर में तैनात CRPF जवान ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली, मौत; जांच में जुटी पुलिस
श्रीनगर:
जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर के बाहरी क्षेत्र एचएमटी जैनकोट में शनिवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान ने कथित तौर पर अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
संबंधित अधिकारियों के अनुसार, यह घटना एचएमटी जैनकोट स्थित सीआरपीएफ की 44वीं वाहिनी के शिविर में शनिवार सुबह घटित हुई। सुबह के समय कैंप परिसर में अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद अन्य जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने जवान को खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा पाया।
घटना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद गंभीर रूप से घायल जवान को आनन-फानन में उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कांस्टेबल गजेंद्र कुमार दुग्गा (नंबर 145224281) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से छत्तीसगढ़ के टेकाधोडा (खलारी डोंडी) के निवासी थे और उनके पिता का नाम हजारी राम दुग्गा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद के सिर पर फायर किया था। जवान ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया, फिलहाल इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

