27 सितंबर रविवार को खुले रहेंगे बैंक, 25 सितंबर को ही मिलेगी केंद्रीय कर्मचारियों को सैलरी
नई दिल्ली: 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल से पहले सरकार ने बैंकिंग सेवाओं को सुचारू रखने के लिए बड़े कदम उठाए हैं। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार, 27 सितंबर को भी खुले रहेंगे और सामान्य रूप से काम करेंगे।
वित्त मंत्रालय के अनुसार, 26 और 27 सितंबर की सप्ताहांत की छुट्टियों के बाद 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल प्रस्तावित है, जिसे देखते हुए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने 27 सितंबर को सभी बैंक शाखाओं, दफ्तरों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को खोलने की मंजूरी दे दी है।
क्यों हो रही है हड़ताल?
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इससे पहले 11 सितंबर को भी एक दिन की हड़ताल हुई थी। यूनियन की मुख्य मांगें पांच दिन के बैंकिंग सप्ताह को लागू करना और परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम (PLI) को वापस लेना है। UFBU 90 प्रतिशत बैंकिंग कार्यबल का प्रतिनिधित्व करने का दावा करता है।
यूनियन का कहना है कि मंगलवार को उप मुख्य श्रम आयुक्त के समक्ष हुई सुलह बैठक में कोई नतीजा नहीं निकला, इसलिए हड़ताल का फैसला बरकरार रहेगा। इससे पहले सोमवार को वित्त मंत्रालय ने बैंक कर्मचारियों से हड़ताल से बचने और मांगों को संवाद से हल करने की अपील की थी।
केंद्रीय कर्मचारियों को 25 सितंबर को मिलेगी सैलरी
वित्त मंत्रालय ने सभी मंत्रालयों और विभागों को सलाह दी है कि बैंक हड़ताल को देखते हुए सितंबर महीने की सैलरी 25 सितंबर को ही एडवांस में बांट दी जाए।
कंट्रोलर जनरल ऑफ अकाउंट्स (CGA) द्वारा जारी ऑफिस मेमोरेंडम के अनुसार, “28-30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए सरकार ने फैसला किया है कि सितंबर 2026 के लिए सभी केंद्र सरकार के कर्मचारियों की सैलरी, वेतन, पेंशन – रक्षा, डाक और दूरसंचार सहित सभी कार्यालयों द्वारा 25 सितंबर को ही निकाली और वितरित की जा सकती है।”
सरकार का कहना है कि इससे बैंकिंग लेन-देन में किसी भी तरह की रुकावट से बचा जा सकेगा और आम लोगों को परेशानी नहीं होगी।

