गंगा में नाव पलटने से 10 बांग्लादेशी डूबने लगे, BSF ने बचाई जान
मालदा: पश्चिम बंगाल के मालदा सेक्टर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने नदी गंगा की तेज धारा में फंसे 10 बांग्लादेशी नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया। इनमें 3 बच्चे, 3 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल थे। यह घटना 12 सितंबर 2026 की शाम की बताई गई है।
BSF की 71वीं बटालियन के जवानों ने खंडुआ बॉर्डर आउट पोस्ट के पास नदी में कुछ लोगों को तेज बहाव में संघर्ष करते देखा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जवान तत्काल स्पीड बोट से मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।
BSF के मुताबिक, सभी 10 लोग बांग्लादेश के जोहोरपुर गांव के रहने वाले हैं और चपाई नवाबगंज से जोहोरपुर जा रहे थे। पद्मा (गंगा) नदी को पार करने के दौरान उनकी नाव अचानक पलट गई, जिससे सभी लोग नदी में गिर गए। तेज बहाव के कारण वे भारतीय क्षेत्र की ओर बहने लगे।
रेस्क्यू किए गए लोगों में 30 दिन का एक शिशु भी शामिल था, जिसकी हालत गंभीर बताई गई। BSF जवानों ने उसे तत्काल प्राथमिक उपचार दिया और नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया। बाद में शिशु की हालत स्थिर और सामान्य बताई गई।
लगातार प्रयास के बाद BSF जवानों ने सभी 10 लोगों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला।
आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद BSF ने सभी 10 बांग्लादेशी नागरिकों को 53वीं बटालियन बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के जवानों को सौंप दिया।

