CISF जवान को लड़की के बहाने बुलाया, फिर बनाया बंधक! खाते से निकाले 3 लाख रुपये, दो छात्र गिरफ्तार
पटना: स्वतंत्रता दिवस के दिन पटना में एक CISF जवान को लड़की से मिलने के बहाने बुलाकर अगवा करने और करीब दो दिनों तक बंधक बनाए रखने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पटना विश्वविद्यालय से जुड़े दो छात्रों ने जवान के साथ मारपीट और डराने-धमकाने के बाद उनके मोबाइल और ATM कार्ड छीन लिए तथा बैंक खातों से करीब 3 लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपित छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित जवान की पहचान दरभंगा जिले के हयाघाट थाना क्षेत्र के खंगरैठा गांव निवासी नाबीज कुमार के रूप में हुई है। वह पटना स्थित CISF पूर्वी क्षेत्र मुख्यालय में जीडी आरक्षी के पद पर तैनात हैं।
लड़की से बातचीत के बाद मिलने बुलाया
पुलिस के अनुसार, जवान की कुछ समय से मोबाइल पर एक लड़की से बातचीत हो रही थी। 15 अगस्त को लड़की ने मिलने के बहाने उन्हें पटना के पीरबहोर इलाके में बुलाया। आरोप है कि वहां पहुंचते ही दो युवकों ने उन्हें पकड़ लिया और पटना विश्वविद्यालय परिसर स्थित मिंटो छात्रावास के एक खाली कमरे में ले गए।
मोबाइल और ATM कार्ड छीने, खाते से निकाले पैसे
आरोप है कि जवान को कमरे में बंद कर उनका मोबाइल फोन और ATM कार्ड छीन लिया गया। 15 से 17 अगस्त के बीच आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की और डराया-धमकाया। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान जवान के बैंक खातों से करीब तीन लाख रुपये की अवैध निकासी की गई।
दरवाजा खुला छोड़कर गए आरोपित, जवान भाग निकले
17 अगस्त को दोनों आरोपित कथित तौर पर कमरे का दरवाजा खुला छोड़कर पानी पीने चले गए। इसी दौरान जवान को मौका मिला और वह वहां से निकलकर सीधे पीरबहोर थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। पुलिस का कहना है कि छापेमारी की भनक लगने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।
23 अगस्त की रात दोनों छात्र गिरफ्तार
टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन के निर्देश और पीरबहोर थानाध्यक्ष राज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार रात घेराबंदी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सारण जिले के विशुनपुरा निवासी 23 वर्षीय हर्ष कुमार उर्फ धीरज कुमार और लखीसराय जिले के सिल्वे निवासी 25 वर्षीय विकास कुमार उर्फ शुभंकर के रूप में हुई है।
मोबाइल, दो डेबिट कार्ड और 50 हजार रुपये बरामद
पुलिस ने आरोपितों के पास से CISF जवान का मोबाइल फोन, दो डेबिट कार्ड और 50 हजार रुपये नकद बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा जवान के बैंक खाते में बची करीब 1.88 लाख रुपये की राशि को तत्काल होल्ड कराया गया है।
पुलिस अब बैंक खातों से हुई निकासी, पैसों के लेनदेन और मामले से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
दोनों पटना विश्वविद्यालय से जुड़े छात्र
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपित पटना विश्वविद्यालय से जुड़े छात्र हैं और वर्तमान में हथुआ हॉस्टल में रह रहे थे। विकास कुमार पटना कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग का छात्र बताया गया है, जबकि हर्ष कुमार दरभंगा हाउस में स्नातकोत्तर इतिहास विभाग में पढ़ाई कर रहा है।
पुलिस के अनुसार, विकास कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है। अब पुलिस दोनों आरोपितों की अन्य मामलों में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
पुलिस की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

