दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद UPSC CAPF (AC) परीक्षा 2024 के 4 और उम्मीदवार असिस्टेंट कमांडेंट पद पर नियुक्ति के लिए अनुशंसित
नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) सहायक कमांडेंट (AC) परीक्षा-2024 के संबंध में महत्वपूर्ण घोषणा की है। आयोग ने दिल्ली हाईकोर्ट के 10 दिसंबर 2025 के फैसले के अनुपालन में चार अतिरिक्त उम्मीदवारों को सहायक कमांडेंट पद पर नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया है।
यूपीएससी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, CAPF (AC) परीक्षा-2024 का परिणाम 13 जून 2025 को घोषित किया गया था, जिसमें कुल 459 उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए सिफारिश की गई थी। अब दिल्ली हाईकोर्ट में लंबित याचिकाओं पर दिए गए निर्णय के बाद चार और अभ्यर्थियों को चयन सूची में शामिल किया गया है।

आयोग ने बताया कि चयनित चार उम्मीदवारों में सुमित सैनी, टीना चौधरी, सरवन कुमार और अभय सिंह शामिल हैं। इन उम्मीदवारों को संशोधित मेरिट सूची के आधार पर सहायक कमांडेंट पद के लिए अनुशंसित किया गया है।
इसके अलावा, यूपीएससी ने आरक्षित सूची (Reserve List) में भी संशोधन किया है। पहले यह सूची 112 उम्मीदवारों की थी, जिसे अब घटाकर 110 उम्मीदवारों का कर दिया गया है। इसमें 55 सामान्य वर्ग, 12 ईडब्ल्यूएस, 36 ओबीसी, 3 एससी और 4 एसटी वर्ग के उम्मीदवार शामिल हैं।
गृह मंत्रालय के अनुरोध पर आयोग ने शेष रिक्त पदों को भरने के लिए रिजर्व लिस्ट से 55 उम्मीदवारों की सिफारिश की है। इनमें 27 सामान्य, 1 ईडब्ल्यूएस, 26 ओबीसी और 1 एससी वर्ग के उम्मीदवार शामिल हैं।
हालांकि, आयोग ने स्पष्ट किया है कि कुछ उम्मीदवारों का अंतिम चयन और नियुक्ति दिल्ली हाईकोर्ट में लंबित याचिकाओं के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी। साथ ही 12 उम्मीदवारों की उम्मीदवारी फिलहाल अनंतिम (Provisional) रखी गई है।
यूपीएससी ने चयनित उम्मीदवारों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी है और गृह मंत्रालय जल्द ही अनुशंसित उम्मीदवारों से सीधे संपर्क करेगा।

