रीवा : स्लीपर बस में CRPF जवान की पत्नी के बैग से 13 लाख के गहने चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां स्थित बजरंग ढाबे पर रुकी एक स्लीपर बस में CRPF जवान की पत्नी के बैग से करीब 13 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने चोरी हो गए। पूरी घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने महज 10 सेकेंड के भीतर वारदात को अंजाम दे दिया।
जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी सीआरपीएफ जवान नमित कुमार सिंह जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। उनके दो बच्चे नागपुर में रहकर पढ़ाई करते हैं। वह पत्नी और दोनों बच्चों के साथ नागपुर से स्लीपर बस में वाराणसी जा रहे थे। सोमवार सुबह करीब 6 बजे बस गढ़ थाना क्षेत्र स्थित बजरंग ढाबे पर नाश्ते और फ्रेश होने के लिए रुकी।
बस रुकने के बाद अधिकांश यात्री नीचे उतर गए। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक बस में दाखिल हुए और सीटों पर रखे सामान की तलाशी लेने लगे। मौका पाकर उन्होंने जवान की पत्नी के बैग से करीब 9 तोला सोने के गहने चोरी कर लिए। चोरी की यह पूरी वारदात बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में एक संदिग्ध कैमरे से छेड़छाड़ करने की कोशिश करता हुआ भी दिखाई दे रहा है।
पीड़ित सीआरपीएफ जवान नमित कुमार सिंह ने बताया कि चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 13 लाख रुपये है। उन्होंने चोरों की पहचान बताने वाले व्यक्ति को 21 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की है।
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संदीप मिश्रा ने बताया कि नागपुर से वाराणसी जा रही बस गढ़ स्थित बजरंग ढाबे पर रुकी थी। इसी दौरान बस में सीट पर रखा गहनों से भरा बैग चोरी हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
