भागलपुर में महिला CISF जवान ने की आत्महत्या, दिल्ली मेट्रो में थी तैनात
बिहार के भागलपुर जिले में एक महिला सीआईएसएफ जवान ने आत्महत्या कर ली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना शाहकुंड थाना क्षेत्र के सादपुर गांव की है। मृतका की पहचान 25 वर्षीय खुशबू कुमारी के रूप में हुई है, जो केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में तैनात थीं और दिल्ली मेट्रो में ड्यूटी कर रही थीं।
जानकारी के अनुसार, खुशबू कुमारी होली के अवसर पर छुट्टी लेकर अपने गांव आई हुई थीं। बताया जा रहा है कि वह 1 फरवरी को ही ड्यूटी से छुट्टी लेकर घर पहुंची थीं। मंगलवार की रात परिवार के साथ खाना खाने के बाद वह अपनी भाभी के साथ कमरे में सोने चली गईं।
परिजनों के मुताबिक, देर रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच उन्होंने कमरे में लगे बांस से दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो सबसे पहले उनकी भाभी ने खुशबू को फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद तुरंत अन्य परिजनों को इसकी जानकारी दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को खबर दी गई। सूचना मिलने पर शाहकुंड थाना प्रभारी अनिल साह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया है, जिसने घटनास्थल की जांच की। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिसके कारण आत्महत्या की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी अनिल साह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
बताया जाता है कि खुशबू कुमारी तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटी थीं। उनकी अभी शादी नहीं हुई थी। उनके दो भाई भी नौकरी करते हैं। खुशबू की साल 2022 में सीआईएसएफ में भर्ती हुई थी। इस घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।

