ITBP असिस्टेंट कमांडेंट रघुनाथ सिंह भाटी का निधन, चुनाव ड्यूटी के दौरान सडक हादसे में हुए थे घायल,16 दिन से चल रहा था इलाज
जैसलमेर। देश सेवा करते हुए घायल हुए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के असिस्टेंट कमांडेंट रघुनाथ सिंह भाटी का बुधवार सुबह दिल्ली के सैन्य अस्पताल में निधन हो गया। वे पश्चिम बंगाल में चुनाव ड्यूटी पूरी कर लौटते समय हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे और पिछले 16 दिनों से उनका इलाज चल रहा था।
जानकारी के अनुसार जैसलमेर जिले के अड़बाला गांव निवासी रघुनाथ सिंह भाटी 13 अप्रैल को चुनाव ड्यूटी समाप्त कर वापस लौट रहे थे, तभी उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उन्हें पैर में फ्रैक्चर सहित गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दिल्ली के सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की लगातार कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बताया जा रहा है कि रघुनाथ सिंह भाटी लंबे समय से दिल्ली में तैनात थे और ड्यूटी की व्यस्तताओं के कारण काफी समय से अपने पैतृक गांव नहीं आ पाए थे। चुनाव ड्यूटी के दौरान भी उन्होंने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया।
उनके निधन की खबर मिलते ही अड़बाला गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव लाया गया, जहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी, सुरक्षा बलों के जवान, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
