पूर्व CRPF जवान के परिवार के साथ खड़ी है CRPF, महानिदेशालय स्तर पर हो रही निगरानी
बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बेल्थरारोड क्षेत्र के दोथ (सोनाडीह) गांव में पूर्व सीआरपीएफ जवान अमरेश बहादुर सिंह की हत्या के बाद सीआरपीएफ ने उनके परिवार से संपर्क कर विभागीय स्तर पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले को सीआरपीएफ महानिदेशालय और सेक्टर स्तर पर भी मॉनिटर किया जा रहा है।
रविवार को सीआरपीएफ 95वीं बटालियन, वाराणसी के सहायक कमांडेंट रंजन सिंह उभांव थाना पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी से मुलाकात कर घटना, अब तक की पुलिस कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी और विवेचना की स्थिति की जानकारी ली।
इसके बाद सहायक कमांडेंट मृतक पूर्व जवान के घर पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार की मौजूदा स्थिति और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि परिवार की स्थिति से संबंधित रिपोर्ट सीआरपीएफ महानिदेशालय को भेजी जाएगी और नियमों के तहत जो भी सहायता संभव होगी, उसे उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
परिवार की स्थिति की रिपोर्ट भेजेगी CRPF
सहायक कमांडेंट रंजन सिंह ने बताया कि घटना का संज्ञान सीआरपीएफ महानिदेशालय ने लिया है। महानिदेशालय और सेक्टर स्तर पर मामले की लगातार निगरानी की जा रही है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन से भी संपर्क बनाए रखा जा रहा है।
परिजनों से बातचीत के दौरान सामने आया कि अमरेश बहादुर सिंह की तीन बेटियां हैं और बड़ी बेटी की शादी तय हो चुकी है। परिवार ने अपनी परिस्थितियों और समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया है। इन सभी बिंदुओं को रिपोर्ट में शामिल कर महानिदेशालय को भेजा जाएगा। इसके बाद नियमों के तहत मिलने वाली सहायता और लाभ के लिए विभाग परिवार के साथ रहेगा।
पुलिस कार्रवाई की भी ली जानकारी
उभांव थाना पहुंचकर सहायक कमांडेंट ने एसएचओ दिनेश पाठक से घटना के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी, अब तक की कार्रवाई और विवेचना की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उभांव इंस्पेक्टर दिनेश पाठक के अनुसार, मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है। मामले में होने वाली प्रगति की जानकारी सीआरपीएफ अधिकारियों को भी दी जाएगी।
हमले में पूर्व जवान की हुई थी मौत
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात सोनाडीह (दोथ) गांव में अमरेश बहादुर सिंह और उनके सगे भाई मंजेश सिंह पर चाकू से हमला किया गया था। दोनों को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान मऊ में पूर्व सीआरपीएफ जवान अमरेश बहादुर सिंह की मौत हो गई।
वहीं, उनके छोटे भाई मंजेश सिंह का उपचार वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की आगे की कार्रवाई और विवेचना पर नजर बनी हुई है। सीआरपीएफ भी मामले की प्रगति पर लगातार नजर रख रही है।

