मुर्शिदाबाद: चुनाव ड्यूटी पर तैनात CRPF जवान ने खुद को मारी गोली, सुसाइड की कोशिश में गंभीर रूप से घायल
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव ड्यूटी के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान द्वारा आत्महत्या की कोशिश करने की घटना सामने आई है। यह घटना मुर्शिदाबाद जिले के रेजीनगर विधानसभा क्षेत्र में सोमवार सुबह हुई।
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय बल के जवानों को शक्तिपुर थाना क्षेत्र स्थित बजरसाऊ हायर सेकेंडरी स्कूल में बनाए गए अस्थायी कैंप में ठहराया गया था। सोमवार सुबह करीब जवान आर. कृष्णमूर्ति (36), जो सीआरपीएफ की 142वीं बटालियन में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं, ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने की कोशिश की।
हालांकि गोली निशाने से चूक गई और जवान के बाएं कंधे को आर-पार करते हुए निकल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर कैंप में मौजूद अन्य जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल साथी को खून से लथपथ हालत में बचाया।
घायल जवान को पहले शक्तिपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बहरामपुर रेफर कर दिया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार जवान की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन एहतियात के तौर पर उसे निगरानी में रखा गया है।
बताया जा रहा है कि जवान दक्षिण भारत का निवासी है और हाल ही में असम में चुनाव ड्यूटी पूरी करने के बाद पश्चिम बंगाल में तैनात किया गया था।
पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी घटना की जांच में जुट गए हैं। शुरुआती जांच में आत्महत्या की कोशिश के पीछे पारिवारिक कारण, मानसिक तनाव या चुनाव ड्यूटी का दबाव जैसे सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

