बेंगलुरु स्थित NATGRID की सुरक्षा संभालेगी CISF, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बेंगलुरु स्थित नेशनल इंटेलिजेंस ग्रिड (NATGRID) परिसर की सुरक्षा के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की तैनाती को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में गृह मंत्रालय ने कुल 76 पदों की स्वीकृति प्रदान की है।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता के अनुसार, बेंगलुरु के येलहंका स्थित NATGRID परिसर की सुरक्षा अब सीआईएसएफ के जिम्मे होगी। NATGRID देश की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सुरक्षा संरचनाओं में शामिल है, जो आतंकवाद-रोधी अभियानों को समर्थन देने के लिए विभिन्न खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों के डेटाबेस को जोड़ने का काम करता है।
गौरतलब है कि दिल्ली स्थित NATGRID मुख्यालय की सुरक्षा पहले से ही सीआईएसएफ के पास है। गृह मंत्रालय के अधीन कार्यरत सीआईएसएफ देश के कई संवेदनशील सरकारी प्रतिष्ठानों, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों और निजी क्षेत्र की इकाइयों की सुरक्षा का दायित्व निभा रही है।
हाल ही में सीआईएसएफ ने नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित सुषमा स्वराज भवन की सुरक्षा भी अपने हाथ में ली है। इस भवन की सुरक्षा के लिए करीब 90 जवानों को तैनात किया गया है। सुषमा स्वराज भवन विदेश मंत्रालय के अधीन एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक केंद्र है, जिसे पहले प्रवासी भारतीय केंद्र के नाम से जाना जाता था।
बेंगलुरु स्थित NATGRID परिसर की सुरक्षा की जिम्मेदारी मिलने के साथ ही देश के रणनीतिक और संवेदनशील संस्थानों की सुरक्षा में सीआईएसएफ की भूमिका और मजबूत हुई है।

