BSF महिला कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ,कैंप क्वार्टर में फंदे से लटका मिला शव,पुलिस जांच में जुटी
जम्मू: जम्मू के सतवारी क्षेत्र स्थित इंद्रेश्वर नगर में सीमा सुरक्षा बल (BSF) में तैनात एक महिला कांस्टेबल संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गईं। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक महिला कांस्टेबल की पहचान वनीता रानी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बरेली, उत्तर प्रदेश की रहने वाली थीं। जानकारी के अनुसार, वनीता रानी वर्ष 2014 में बीएसएफ में भर्ती हुई थीं और वर्तमान में जम्मू में तैनात थीं। वह सतवारी के इंद्रेश्वर नगर स्थित बीएसएफ कैंप क्वार्टर में रह रही थीं।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात काफी देर तक कमरे से बाहर न आने पर परिजनों को संदेह हुआ। जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो वनीता रानी संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी हुई मिलीं। इसके तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर रात करीब 8:30 बजे सतवारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी), जम्मू भेज दिया।
सतवारी थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में धारा 174 बीएनएसएस (इनक्वेस्ट कार्यवाही) के तहत प्रारंभिक जांच दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जा सकेगी।

