छुट्टी पर घर आए BSF एएसआई की ट्रेन हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम
हरियाणा के भिवानी जिले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक जवान की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना मानेहरू रेलवे स्टेशन के नजदीक हुई, जहां रेलवे लाइन पार करते समय जवान हादसे का शिकार हो गया। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया।
मृतक की पहचान महेंद्रगढ़ जिले के गांव सोंढी सतनाली निवासी करीब 38 वर्षीय जयसिंह के रूप में हुई है, जो बीएसएफ में सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि उनकी ड्यूटी जम्मू-कश्मीर में लगी हुई थी और वह 4-5 दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आए थे। वर्तमान में वह भिवानी के कोंट रोड स्थित सूर्य नगर में रह रहे थे।
परिजनों के अनुसार, जयसिंह बुधवार को रेलवे लाइन की तरफ टहलने के लिए गए थे। इसी दौरान पटरी पार करते समय अचानक ट्रेन आ गई और वह उसकी चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी लगभग 8 वर्ष की जबकि छोटा बेटा करीब 3 वर्ष का बताया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
जीआरपी पुलिस चौकी की जांच अधिकारी सुदेश ने बताया कि रेलवे स्टेशन मास्टर की ओर से सूचना मिली थी कि मानेहरू और भिवानी रेलवे स्टेशन के बीच एक व्यक्ति ट्रेन से कट गया है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां व्यक्ति की मौत हो चुकी थी और प्रारंभिक तौर पर उसकी पहचान नहीं हो पाई थी।
शव को जिला अस्पताल लाकर पहचान के प्रयास किए गए, जिसके बाद मृतक की पहचान जयसिंह के रूप में हुई। पुलिस ने लोको पायलट से भी संपर्क किया, जिन्होंने बताया कि व्यक्ति रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आया।
पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर इत्फाकिया कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। जवान की असमय मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

