172 बटालियन CRPF को गढ़वा में यथावत रखने की मांग, रक्षा राज्य मंत्री को सौंपा आवेदन
गढ़वा। जिले में तैनात 172 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को गढ़वा से हटाकर अरुणाचल प्रदेश भेजे जाने के आदेश पर पुनर्विचार की मांग उठी है। रविवार को भंडरिया प्रखंड के अंडामहुआ के समीप नीलांबर-पीतांबर प्रतिमा स्थल पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को इस संबंध में आवेदन सौंपा गया।
आवेदन में गढ़वा की भौगोलिक और रणनीतिक संवेदनशीलता का हवाला देते हुए 172 बटालियन को जिले में ही यथावत रखने की मांग की गई है। आवेदकों का कहना है कि गढ़वा की सीमाएं बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ से लगती हैं, जबकि भंडरिया और बड़गड़ जैसे क्षेत्र सीमावर्ती इलाकों में आते हैं। क्षेत्र पूर्व में नक्सली गतिविधियों से प्रभावित रहा है।
आवेदन में कहा गया है कि CRPF की तैनाती से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और स्थानीय लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम हुआ है। बटालियन को हटाए जाने से नक्सली और आपराधिक गतिविधियों के दोबारा बढ़ने की आशंका जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की चिंता व्यक्त की गई है।
प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा राज्य मंत्री से गढ़वा की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए स्थानांतरण आदेश पर पुनर्विचार करने और 172 बटालियन को जिले में ही बनाए रखने का आग्रह किया।
आवेदन सौंपने वालों में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश केशरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष बजरंग प्रसाद, जितेंद्र चंद्रवंशी, सांसद प्रतिनिधि कुंवर सिंह, परशुराम सिंह, विधायक प्रतिनिधि ओम प्रकाश, अरविंद जायसवाल, रामनरेश सिंह समेत अन्य लोग शामिल रहे।

