दरभंगा के केवटी में बनेगा CISF का सेंटर, सात एकड़ भूमि की उपलब्धता को लेकर प्रक्रिया तेज
दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड की ननौरा पंचायत में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) का नया केंद्र स्थापित करने की तैयारी तेज हो गई है। प्रस्तावित केंद्र में CISF के कार्यालय और आवासीय परिसर का निर्माण किया जाना है।
शनिवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर करीब सात एकड़ भूमि की उपलब्धता और उसकी उपयुक्तता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भूमि की भौतिक स्थिति, उपलब्ध रकबा, स्थल की सीमाओं और निर्माण के लिहाज से जमीन की स्थिति की जानकारी ली।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि CISF परिसर के निर्माण के लिए भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में सभी आवश्यक प्रक्रियाएं नियमानुसार और प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएं।
उन्होंने भू-अर्जन से जुड़ी कार्रवाई में तेजी लाने का भी निर्देश दिया, ताकि प्रस्तावित CISF कार्यालय एवं आवासीय परिसर के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, केवटी के अंचलाधिकारी रणधीर रमण सहित CISF के अधिकारी और संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
फिलहाल प्रस्तावित केंद्र के निर्माण की दिशा में भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।

