NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

CRPF NEWS

गाजीपुर में सड़क हादसे में CRPF जवान की मौत, छुट्टी पर घर आए थे शशिकांत सिंह

गाजीपुर: मरदह थाना क्षेत्र के भवानीपुर कंसहरी गांव निवासी सीआरपीएफ जवान शशिकांत सिंह (36) की शनिवार भोर सड़क हादसे में मौत हो गई। शशिकांत सिंह वाराणसी स्थित सीआरपीएफ की 95वीं बटालियन में तैनात थे और दो दिन की छुट्टी पर अपने घर आए थे। छुट्टी पूरी होने के बाद उन्हें पांच अक्तूबर को ड्यूटी पर लौटना था।

परिजनों के मुताबिक, शनिवार भोर करीब चार बजे शशिकांत सिंह अपने पैतृक घर से करीब 200 मीटर दूर वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन के फुटपाथ पर टहलने निकले थे। वह मऊ की ओर जाने वाली लेन के फुटपाथ पर आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पीछे से गाजीपुर की ओर से मऊ जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे में शशिकांत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही जान चली गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जवान की मां गायत्री देवी, पत्नी प्रियंका सिंह, बेटी परी सिंह और बेटे शौर्य सिंह व रुद्र सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंचे।

मृतक के बड़े भाई पवन कुमार सिंह ने पुलिस को घटना की तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य माध्यमों से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वाहन और चालक की जानकारी मिलने के बाद पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई करेगी।

ड्यूटी पर लौटने से ठीक पहले हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Spread the love

Editorial Desk – News of Paramilitary

Editorial Desk, News of Paramilitary, covers verified news, policy updates and field reports related to India’s Paramilitary Forces. Content is published following strict editorial standards.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page