कानपुर में ITBP जवान पर युवती ने लगाया 3 साल तक शारीरिक शोषण का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस
कानपुर: कानपुर में सरसौल स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में तैनात एक सिपाही पर एक युवती ने करीब तीन साल तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर महाराजपुर थाने में आरोपी जवान के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता मूल रूप से हमीरपुर जिले की रहने वाली बताई जा रही है। युवती के मुताबिक, करीब तीन साल पहले एक परीक्षा के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी आईटीबीपी जवान अमित सिंह से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे उनकी नजदीकियां बढ़ती गईं।
होटल में बुलाकर शोषण का आरोप
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि नजदीकियां बढ़ने के बाद जवान ने उसे कई बार होटल में बुलाया। आरोप है कि होटल में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए और लंबे समय तक उसका शोषण किया गया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने युवती द्वारा बताए गए होटल पर पहुंचकर घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। विवेचना कर रहे महाराजपुर थाना इंस्पेक्टर सुनील वर्मा ने होटल पहुंचकर आवश्यक जानकारी और साक्ष्य एकत्र किए।
डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण पहले नहीं हो सका मेडिकल
मामला दर्ज होने के बाद मंगलवार को पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। हालांकि, डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण उस दिन मेडिकल नहीं हो सका। इसके बाद बुधवार दोपहर को युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया।
पुलिस अब पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
आईटीबीपी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी जवान अमित सिंह एक महीने की छुट्टी पर गया हुआ है और उसे छुट्टी पर गए करीब 10 दिन हो चुके हैं। फिलहाल उससे फोन पर संपर्क नहीं हो पा रहा है।
विभाग की ओर से जवान को तत्काल ड्यूटी पर आमद देने के लिए पत्र जारी किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, उसके वापस आने के बाद मामले में विभागीय स्तर पर भी जांच की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही होगी।

