NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

CRPF NEWS

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में CRPF जवान की गोली लगने से संदिग्ध मौत, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में ड्यूटी के दौरान हरियाणा के रेवाड़ी निवासी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान कांस्टेबल सतीश की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

सीआरपीएफ की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, कांस्टेबल सतीश अनंतनाग जिले की हिलर पोस्ट पर गुरुवार शाम साढ़े 6 बजे से साढ़े 8 बजे तक ड्यूटी पर तैनात थे। शाम करीब 7 बजकर 47 मिनट पर पोस्ट से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही आसपास तैनात जवान मौके पर पहुंचे तो सतीश जमीन पर घायल अवस्था में पड़े मिले। उनके सिर में गोली लगी थी और उनकी इंसास राइफल पास में ही पड़ी हुई थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, आशंका जताई जा रही है कि उनकी ही सर्विस राइफल से गोली चलने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

मौत से 47 मिनट पहले परिवार से हुई थी बात

परिजनों ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 7 बजे सतीश ने घर पर फोन कर परिवार से बातचीत की थी और सब कुछ ठीक होने की जानकारी दी थी। इसके लगभग 47 मिनट बाद गोली लगने की सूचना मिली, जिससे परिवार सदमे में आ गया।

शुक्रवार को गांव पहुंचा पार्थिव शरीर

शुक्रवार शाम करीब चार बजे जवान सतीश का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव मामड़िया आसमपुर पहुंचा, जहां पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके बड़े बेटे आकाश ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में ग्रामीणों, रिश्तेदारों और प्रशासनिक अधिकारियों की भारी भीड़ उमड़ी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

गांव के सरपंच अशोक कुमार के अनुसार, सतीश लगभग एक माह पहले छुट्टी पर घर आए थे और ड्यूटी पर लौटने के बाद परिवार से नियमित संपर्क में रहते थे। सतीश परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में दो बेटे आकाश (14) और अमन (3) तथा बेटी भावना (10) हैं। करीब एक वर्ष पहले बीमारी के कारण उनके पिता का भी निधन हो चुका है, जिसके बाद परिवार दिल्ली स्थित सीआरपीएफ क्वार्टर में रह रहा था।

जवान की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। वहीं, पुलिस और सीआरपीएफ घटना की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Spread the love

Editorial Desk – News of Paramilitary

Editorial Desk, News of Paramilitary, covers verified news, policy updates and field reports related to India’s Paramilitary Forces. Content is published following strict editorial standards.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page