ऑटो पर पलटा गिट्टी से लदा ट्रक, हादसे में CISF जवान और उनकी पत्नी की मौत,स्टेशन छोड़ने जाते समय हुआ हादसा
खगड़िया (बिहार): बिहार के खगड़िया जिले में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के एक जवान, उनकी पत्नी और ऑटो चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा महेशखूंट थाना क्षेत्र के गौछारी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर हुआ।
जानकारी के अनुसार, गिट्टी से लदा एक अनियंत्रित हाइवा तेज रफ्तार में आकर ऑटो से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह हाइवा के नीचे दब गया और उसमें सवार लोग गिट्टी के ढेर के नीचे दफन हो गए। मौके पर ही तीनों की मौत हो गई।
ड्यूटी जॉइन करने जा रहे थे CISF जवान
मृतकों में CISF जवान विपिन कुमार, उनकी पत्नी दीपमाला कुमारी और ऑटो चालक टनकेश कुमार शामिल हैं। बताया जा रहा है कि विपिन कुमार अपने गांव मालिया में छुट्टी बिताने के बाद ड्यूटी जॉइन करने झारखंड जा रहे थे। उनकी पत्नी दीपमाला, जो पेशे से शिक्षिका थीं, उन्हें मानसी रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए साथ निकली थीं।
घर से खुशी-खुशी निकले परिवार को क्या पता था कि स्टेशन पहुंचने से पहले ही यह सफर अंतिम बन जाएगा।
क्रेन से घंटों बाद निकाले गए शव
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद गिट्टी लदा हाइवा ऑटो के ऊपर पलट गया। सड़क पर गिट्टी का बड़ा ढेर लग गया, जिसके नीचे तीनों शव दब गए थे।
स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने क्रेन की मदद से घंटों राहत कार्य चलाया। गिट्टी हटाने के बाद क्षतिग्रस्त ऑटो के मलबे से तीनों शव बाहर निकाले गए।
हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक जवान के परिजन शंभू चौरसिया ने बताया कि परिवार ने विपिन कुमार को खुशी-खुशी विदा किया था, लेकिन कुछ ही देर बाद हादसे की खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।
सूचना मिलते ही परबत्ता विधायक डॉ. संजीव कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और प्रशासन से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा और ऑटो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन चालक की लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।

