ITBP ने रचा इतिहास, CAPFs का पहला मेडिकल टीचिंग संस्थान ‘हिमवीर PG इंस्टीट्यूट’ शुरू
ग्रेटर नोएडा: भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) ने चिकित्सा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) के पहले मेडिकल टीचिंग संस्थान ‘हिमवीर पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट’ की शुरुआत की है। यह संस्थान ग्रेटर नोएडा स्थित CAPFs रेफरल अस्पताल में स्थापित किया गया है, जो अब जवानों और उनके परिवारों को उच्च स्तरीय टर्शियरी मेडिकल सुविधाएं प्रदान करेगा।
DG शत्रुजीत कपूर ने किया उद्घाटन
संस्थान का उद्घाटन ITBP के महानिदेशक (DG) श्री शत्रुजीत कपूर, IPS ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों और चिकित्सा विशेषज्ञों की मौजूदगी रही। अधिकारियों के अनुसार, यह अस्पताल अब केवल उपचार केंद्र ही नहीं बल्कि एक आधुनिक मेडिकल एकेडमिक हब के रूप में भी विकसित होगा। संस्थान को NBEMS से मान्यता प्राप्त है तथा इसे नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है।
पांच विषयों में शुरू होगी पीजी पढ़ाई
हिमवीर पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट में शुरुआती चरण में पांच प्रमुख विषयों में पोस्टग्रेजुएट शिक्षा शुरू की जा रही है।
- जनरल मेडिसिन – DNB कोर्स
- पैथोलॉजी – DNB कोर्स
- पीडियाट्रिक्स (बाल रोग) – डिप्लोमा
- एनेस्थीसिया – डिप्लोमा
- फैमिली मेडिसिन – डिप्लोमा
इन पाठ्यक्रमों में मुख्य रूप से ITBP और CRPF के पीजी रेजिडेंट डॉक्टर प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
बाहरी संस्थानों पर निर्भरता होगी कम
इस पहल से केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को मेडिकल प्रशिक्षण के लिए बाहरी संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इन-हाउस मेडिकल एजुकेशन सिस्टम मजबूत होने से विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और जवानों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। अधिकारियों का मानना है कि यह मॉडल भविष्य में अन्य सुरक्षा बलों के लिए भी मार्गदर्शक बनेगा।
मेडिकल कॉलेज बनाने की योजना
ग्रेटर नोएडा का 200 बेड वाला CAPFs रेफरल अस्पताल अब बड़े विस्तार की दिशा में बढ़ रहा है। भविष्य में इसे पूर्ण मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित करने की योजना है, जिसके तहत 50 MBBS सीटें शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

