पश्चिम बंगाल: चुनावी ड्यूटी पर तैनात ITBP हेड कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,सीढ़ियों से गिरने की आशंका
दक्षिण 24 परगना (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव ड्यूटी पर तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान हेड कांस्टेबल कनक कोच के रूप में हुई है, जो असम के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना दक्षिण 24 परगना जिले के फलता विधानसभा क्षेत्र स्थित दोस्तीपुर हाई स्कूल परिसर में बुधवार सुबह सामने आई।
जानकारी के अनुसार, चुनाव ड्यूटी के लिए केंद्रीय बलों के कुल 86 जवानों को अस्थायी रूप से दोस्तीपुर हाई स्कूल में ठहराया गया था। मंगलवार रात भोजन के बाद सभी जवान अपने-अपने कमरों में आराम करने चले गए थे। बुधवार सुबह साथी जवानों ने स्कूल के बरामदे में हेड कांस्टेबल कनक कोच को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
साथी जवानों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए डायमंड हार्बर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डायमंड हार्बर पुलिस मोर्चरी भेज दिया है। घटना की अचानक और दुखद परिस्थितियों ने चुनाव ड्यूटी में लगे सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
डायमंड हार्बर के एसडीपीओ सजल मंडल ने बताया कि बुधवार सुबह ड्यूटी पर मौजूद अन्य जवानों ने केंद्रीय बल के जवान को खून से सनी अवस्था में स्कूल परिसर से बरामद किया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि जवान की मौत सीढ़ियों से गिरने के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
