NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

ITBP NEWS

छुट्टी पर आए ITBP जवान ने चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या की, गांव में दहशत, आरोपी फरार

भोजपुर (बिहार)। जिले के बभनौली गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब छुट्टी पर आए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के एक जवान ने अपने ही चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी जवान ने पड़ोसियों पर भी फायरिंग की और मौके से फरार हो गया, जिससे गांव में तनाव और दहशत का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गणेश तिवारी (50) के रूप में हुई है। वह रविवार को अपने घर के बाहर मवेशियों के लिए चारा काट रहे थे, तभी आरोपी जवान ने अवैध हथियार से उनके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही गणेश तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपी जवान की पहचान बसंत तिवारी उर्फ अभिषेक तिवारी के रूप में हुई है, जो वर्तमान में उत्तराखंड के हरिद्वार में आईटीबीपी में तैनात है। बताया जा रहा है कि वह पत्नी की डिलीवरी के कारण छुट्टी लेकर गांव आया था।

घटना के बाद ग्रामीणों पर भी फायरिंग

हत्या के बाद आरोपी जवान ने मौके पर मौजूद पड़ोसियों और मजदूरों पर भी अंधाधुंध फायरिंग की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग में कई लोग बाल-बाल बचे। घटनास्थल के आसपास दीवारों पर गोली के निशान भी पाए गए हैं। इस वारदात के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और भय का माहौल है।

पहले से विवाद और दहशत फैलाने के आरोप

ग्रामीणों और मृतक के परिजनों का आरोप है कि आरोपी जवान जब भी छुट्टी पर गांव आता था, तब अवैध हथियार के बल पर लोगों को डराता-धमकाता था। जमीन और घर से जुड़े विवादों को लेकर वह अक्सर झगड़ा करता था और फायरिंग कर गांव में आतंक फैलाता था।

अवैध हथियार तस्करी के आरोप

ग्रामीणों ने आरोपी पर अवैध हथियारों की सप्लाई में शामिल होने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि आरोपी नेपाल से हथियार लाकर गांव और आसपास के इलाकों में बेचता था। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुलिस की कार्रवाई, आरोपी की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 राज कुमार साह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी वारदात के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और तकनीकी सर्विलांस व टावर डंप के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Spread the love

Editorial Desk – News of Paramilitary

Editorial Desk, News of Paramilitary, covers verified news, policy updates and field reports related to India’s Paramilitary Forces. Content is published following strict editorial standards.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page