नोएडा में CRPF की 221वीं बटालियन में तैनात डॉक्टर और उनकी पत्नी पर हमला, स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने सोने की चेन लूटी
नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में बिसरख थाना क्षेत्र में बदमाशों द्वारा CRPF के एक डॉक्टर और उनकी पत्नी के साथ मारपीट कर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कॉर्पियो एन कार में सवार बदमाशों ने डॉक्टर दंपती को घेरकर हमला किया और डॉक्टर के गले से करीब दो तोले की सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। घटना में डॉक्टर को गंभीर चोटें आई हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बाजार में खरीदारी करने गए थे डॉक्टर दंपती
मामला बिसरख थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 23 अगस्त की रात सुषमा सिंह आजाद अपने पति डॉ. अंकुर सिंह आजाद के साथ खरीदारी करने के लिए बाजार गई थीं।
रिपोर्ट में डॉ. अंकुर सिंह आजाद को CRPF की 221वीं वाहिनी, ग्रेटर नोएडा में सेकंड इन कमांड (मेडिकल) के पद पर तैनात बताया गया है।
शिकायत के मुताबिक, बाजार पहुंचने के बाद डॉक्टर दंपती ने अपनी कार खड़ी की। इसके बाद जैसे ही वे मार्केट की ओर जाने लगे, तभी स्कॉर्पियो एन कार में सवार कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया और अचानक दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पति को बचाने आई पत्नी से भी मारपीट
आरोप है कि बदमाशों ने डॉ. अंकुर सिंह आजाद के साथ मारपीट की। पति को बचाने के लिए उनकी पत्नी आगे आईं तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
इसी दौरान आरोपियों ने डॉक्टर के गले पर झपट्टा मारकर करीब दो तोले की सोने की चेन कथित तौर पर लूट ली। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सिर में गंभीर चोट, अस्पताल में चल रहा इलाज
मारपीट में डॉक्टर के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने की बात शिकायत में कही गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल डॉक्टर को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिवार के अनुसार, सिर में गंभीर चोट लगने के कारण डॉक्टर का इलाज अभी भी जारी है।
पुलिस की कार्रवाई पर भी उठे सवाल
घटना को लेकर डॉक्टर की पत्नी सुषमा सिंह आजाद ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घटना के अगले दिन पुलिस ने फोन कर आरोपियों को पकड़े जाने की जानकारी दी थी, लेकिन उस समय मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था और कथित तौर पर पकड़े गए लोगों के बारे में उन्हें पूरी जानकारी भी नहीं दी गई।
वहीं, बिसरख थाना प्रभारी रंजीत कुमार सिंह के अनुसार पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है और मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।

