डबरा में BSF उपनिरीक्षक से 7.12 लाख की साइबर ठगी, मोबाइल से ऑटो डिलीट होते रहे OTP
डबरा (ग्वालियर): मध्य प्रदेश के डबरा स्थित बिलौआ थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। ठगों ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक उपनिरीक्षक के बैंक खाते से 7.12 लाख रुपये की रकम पार कर दी। हैरानी की बात यह रही कि पीड़ित को बिना जानकारी दिए मोबाइल पर आने वाले ओटीपी अपने-आप डिलीट होते रहे और ठगों ने लगातार ट्रांजैक्शन कर डाले।
मोबाइल पर अपने आप आते और गायब होते रहे OTP
बीएसएफ कंपोजिट अस्पताल में पदस्थ उपनिरीक्षक शिशिर शुक्ला ने पुलिस को बताया कि 13 अप्रैल 2026 की शाम उनके मोबाइल पर लगातार ओटीपी संदेश आने लगे। उन्होंने किसी के साथ बैंक या ओटीपी संबंधी जानकारी साझा नहीं की थी, लेकिन हर बार संदेश आने के कुछ ही सेकंड बाद मोबाइल से स्वतः डिलीट हो जाता था।
शुरुआत में उन्हें किसी धोखाधड़ी का अंदेशा नहीं हुआ, लेकिन बाद में मोबाइल चेक करने पर खाते से रकम कटने की जानकारी मिली।
16 ट्रांजैक्शन में निकाली गई 7.12 लाख की रकम
जांच में सामने आया कि ठगों ने अलग-अलग 16 ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 7,12,510 रुपये निकाल लिए। पैसे कटने के मैसेज देखने के बाद उपनिरीक्षक ने तुरंत साइबर हेल्पडेस्क और बैंक को सूचना दी तथा अपने बैंक खाते और कार्ड को ब्लॉक करवाया।
साइबर और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पीड़ित की शिकायत पर बिलौआ थाना पुलिस ने 16 अप्रैल 2026 को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66C और 66D के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला मोबाइल हैकिंग या किसी संदिग्ध एप के जरिए ओटीपी एक्सेस करने से जुड़ा हो सकता है। साइबर टीम बैंकिंग ट्रांजैक्शन और तकनीकी डेटा के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

