ड्यूटी के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से BSF जवान विनीत कुमार द्विवेदी का निधन
कन्नौज। कन्नौज जिले के छिबरामऊ क्षेत्र के नौगाई गांव निवासी सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान विनीत कुमार द्विवेदी का पश्चिम बंगाल में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जवान का पार्थिव शरीर गुरुवार को उनके पैतृक गांव लाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, 52 वर्षीय विनीत कुमार द्विवेदी पुत्र सुरेन्द्र द्विवेदी BSF की 71वीं बटालियन में पश्चिम बंगाल के फरक्का क्षेत्र में तैनात थे। वर्ष 2003 में उन्होंने जम्मू-कश्मीर में अपनी सेवा की शुरुआत की थी। वर्तमान में वह बांग्लादेश सीमा पर नदी किनारे ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी BSF अधिकारियों ने फोन के माध्यम से परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। ग्राम पंचायत प्रशासक टोनी दुबे ने बताया कि जवान के निधन की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों के लोग उनके घर पहुंचने लगे तथा शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया
विनीत कुमार द्विवेदी का विवाह वर्ष 2008 में अंकिता द्विवेदी के साथ हुआ था। उनके परिवार में पत्नी के अलावा 15 वर्षीय पुत्र सोम और 11 वर्षीय पुत्री परी हैं। पिता के निधन की खबर के बाद दोनों बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार, विनीत 11 जून को घर से ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे, जबकि उनकी बटालियन 13 जून को ग्वालियर से पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुई थी।
विनीत कुमार तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई गौतम द्विवेदी भी BSF में कार्यरत हैं और उनकी तैनाती भी पश्चिम बंगाल में है। विभाग ने सबसे पहले गौतम को ही घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिवार को इस दुखद समाचार की जानकारी मिली। तीसरे भाई रविकांत द्विवेदी छत्तीसगढ़ में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं।
BSF जवान विनीत कुमार द्विवेदी के असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार व्यक्तित्व का धनी बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

