कन्नौज में फंदे पर लटका मिला BSF जवान का शव: छुट्टी पर घर आए थे राहुल सिंह बैस, पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार
कन्नौज। कस्बे के खड़नी गांव में अवकाश पर घर आए सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान राहुल सिंह बैस मंगलवार रात घर के बाहर बने टीनशेड में फंदे पर लटके मिले। परिजन उन्हें तुरंत छिबरामऊ स्थित सौ शैय्या अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कन्नौज भेज दिया। राहुल सिंह बैस भूपेंद्र सिंह के पुत्र थे। वह अक्टूबर 2012 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती राजस्थान के बाड़मेर में 47वीं बटालियन में थी। वह 15 अगस्त से छुट्टी पर घर आए हुए थे।
पिता भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सोने चले गए थे। रात करीब 11 बजे जब वह राहुल को देखने गए तो उन्हें घर के बाहर बने टीनशेड में पंखे के कुंडे से रस्सी के सहारे लटका पाया। परिजनों ने उन्हें तुरंत नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार शाम करीब तीन बजे शव घर पहुंचा। इसके बाद निजी खेत में उनका अंतिम संस्कार किया गया। जवान की मौत की खबर से पूरे कस्बे में शोक छा गया। शोक के कारण बाजार भी बंद रहा।
राहुल के परिवार में मां रजनी देवी, पिता भूपेंद्र सिंह, भाई संजीव सिंह उर्फ पंकज, विवाहित बहन निधि, पत्नी आरती और एक साल का बेटा सिवाय हैं।
मौके पर मौजूद उनके साथी जनवेद सिंह (निवासी विधूना) ने बताया कि राहुल यूनिट के बहादुर सिपाही थे। उनके अनुसार, राहुल नक्सलियों के साथ सीधी मुठभेड़ में कई लोगों को मार गिरा चुके थे। उन्हें कई प्रशस्ति पत्र भी मिले थे। कुछ समय पहले उनका चयन वीआईपी सुरक्षा में तैनाती के लिए भी हुआ था।

