NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

BSF NEWS

BSF इंस्पेक्टर के साथ 3.10 लाख की साइबर ठगी, मोबाइल हैक कर क्रेडिट कार्ड से उड़ाई रकम

ग्वालियर। जिले के टेकनपुर स्थित BSF प्रशिक्षण केंद्र से साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अज्ञात साइबर अपराधियों ने बीएसएफ के एक इंस्पेक्टर के मोबाइल फोन पर कब्जा कर उनके तीन अलग-अलग बैंकों के क्रेडिट कार्ड से 3 लाख 10 हजार 11 रुपये की धोखाधड़ी कर ली। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बिहार के समस्तीपुर निवासी अवनीश कुमार (34) वर्तमान में एसटीसी बीएसएफ टेकनपुर में इंस्पेक्टर पद पर तैनात हैं। उनके पास आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई बैंक और यस बैंक के क्रेडिट कार्ड थे।

पीड़ित अधिकारी के मुताबिक 17 जून की रात किसी साइबर ठग ने ऑनलाइन माध्यम से उनके मोबाइल फोन को अपने नियंत्रण में ले लिया। इसके बाद अपराधियों ने उनके क्रेडिट कार्डों का दुरुपयोग करते हुए कई वित्तीय लेनदेन कर डाले।

घटना का पता अगले दिन सुबह चला, जब उनके मोबाइल पर बैंकिंग अलर्ट और ओटीपी संबंधी संदेश दिखाई दिए। संदेशों की जांच करने पर उन्हें मालूम हुआ कि उनके खातों से बड़ी रकम खर्च की जा चुकी है।

शिकायत के अनुसार आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से कुछ ही मिनटों में तीन ट्रांजैक्शन कर कुल 2 लाख 5 हजार 32 रुपये निकाले गए। वहीं एसबीआई बैंक के कार्ड से 9 हजार 998 रुपये और यस बैंक के कार्ड से अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 94 हजार 981 रुपये की राशि खर्च की गई।

ठगी की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर अवनीश कुमार ने संबंधित बैंकों से संपर्क कर अपने सभी क्रेडिट कार्ड तत्काल ब्लॉक करवाए। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर बिलौआ थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बैंकिंग ट्रांजैक्शन, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक, ऐप या कॉल से सावधान रहें और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें, ताकि साइबर ठगी जैसी घटनाओं से बचा जा सके।

Spread the love

Editorial Desk – News of Paramilitary

Editorial Desk, News of Paramilitary, covers verified news, policy updates and field reports related to India’s Paramilitary Forces. Content is published following strict editorial standards.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page