दिल्ली में रहस्यमय ढंग से लापता हुआ SSB जवान, 8 दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग
नई दिल्ली। देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) का एक जवान राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। जवान के गायब होने के आठ दिन बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका है, जिससे परिवार और विभाग की चिंता बढ़ गई है।
लापता जवान की पहचान असम निवासी 43 वर्षीय सरत डेका के रूप में हुई है, जो वर्तमान में एसएसबी के केंद्रीकृत प्रशिक्षण केंद्र (सीटीसी), जम्मू में तैनात हैं। जानकारी के अनुसार, सरत डेका 14 जून को रोहतक-अमृत भारत एक्सप्रेस से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। वहां से उन्हें उत्तराखंड के ऋषिकेश जाना था।
परिजनों के अनुसार, 14 जून को सरत डेका की अपनी बेटी से आखिरी बार बातचीत हुई थी। उन्होंने बताया था कि उन्होंने 1200 रुपये का टिकट ले लिया है और शाम करीब पांच बजे बस से ऋषिकेश के लिए रवाना होंगे। इसके बाद उन्होंने दोबारा फोन करने की बात कही थी, लेकिन फिर उनका मोबाइल फोन संपर्क से बाहर हो गया। परिवार द्वारा कई बार कॉल करने के बावजूद फोन रिसीव नहीं हुआ और 15 जून की तड़के उनका मोबाइल पूरी तरह बंद हो गया।
मामले में नया मोड़ तब आया जब एक व्यक्ति ने सरत डेका का पहचान पत्र कश्मीरी गेट पुलिस चौकी में जमा कराया। इसके बाद 19 जून को उनका बैग भी उसी चौकी में जमा कराया गया। हालांकि जवान का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।
एसएसबी अधिकारियों का आरोप है कि कश्मीरी गेट पुलिस चौकी ने शुरुआत में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया था। पुलिस का कहना था कि जवान चौकी क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों में दिखाई नहीं दिया है। बाद में एसएसबी के एक एएसआई की शिकायत पर 21 जून को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई।
फिलहाल दिल्ली पुलिस और एसएसबी संयुक्त रूप से जवान की तलाश में जुटे हुए हैं। लेकिन घटना के आठ दिन बीत जाने के बावजूद सरत डेका का कोई सुराग नहीं मिलने से मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

