सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने जवानों के बच्चों की शिक्षा के लिए पवन गंगा एजुकेशनल सोसायटी के साथ किया MOU, मिलेंगे कई बड़े लाभ
नई दिल्ली। सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने अपने जवानों और उनके परिवारों के कल्याण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पवन गंगा एजुकेशनल सोसायटी (PGES), नई दिल्ली के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस पहल का उद्देश्य SSB कर्मियों और शहीद जवानों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर प्रदान करना है।
समझौते पर हस्ताक्षर कार्यक्रम में SSB के महानिदेशक (DG) संजय सिंघल सहित बल मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं देशभर की विभिन्न SSB इकाइयों के अधिकारी और जवान वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। पवन गंगा एजुकेशनल सोसायटी की ओर से निदेशक कर्नल अशोक कौल, GIS की प्राचार्य स्वाति जोशी और अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।

शहीदों और जवानों के बच्चों को मिलेगा विशेष लाभ
इस MoU के तहत SSB शहीदों के बच्चों के लिए GIS स्कूल में 10 पूर्णतः निःशुल्क सीटें उपलब्ध कराई जाएंगी, हालांकि मेस शुल्क लागू रहेगा। इसके अलावा 250 पात्र SSB कर्मियों के बच्चों को 60 प्रतिशत तक फीस में छूट दी जाएगी।
सार्वजनिक संपर्क कार्यक्रम (Public Outreach Programme) के अंतर्गत 50 सीटों पर 40 प्रतिशत फीस रियायत का प्रावधान भी किया गया है। वहीं GITAM संस्थान में SSB शहीदों के बच्चों के लिए 5 पूर्ण ट्यूशन फीस माफी सीटें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त 100 SSB कर्मियों के बच्चों को 20 प्रतिशत ट्यूशन फीस में छूट का लाभ मिलेगा।

शिक्षा के साथ मिलेगा करियर विकास का अवसर
यह समझौता केवल फीस रियायत तक सीमित नहीं है। इसके तहत छात्रों को स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम, नवाचार एवं स्टार्टअप इकोसिस्टम, इंटर्नशिप, उद्यमिता सहायता तथा प्लेसमेंट सपोर्ट जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। इससे SSB परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा के साथ-साथ बेहतर करियर निर्माण के अवसर भी मिलेंगे।
जवानों के परिवारों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध SSB
SSB ने कहा है कि बल अपने कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत है। PGES के साथ हुआ यह समझौता जवानों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और उनके भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

