रांची में CRPF जवान से 2 लाख की साइबर ठगी, ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर ठगों ने लगाया चूना
रांची में साइबर अपराधियों ने एक बार फिर ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर बड़ी ठगी को अंजाम दिया है। इस बार ठगों ने CRPF के एक जवान को भारी मुनाफे का लालच देकर करीब दो लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले की शिकायत के बाद रांची साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित की पहचान चंदन कुमार (33) के रूप में हुई है, जो गुमला जिले के बसिया के रहने वाले हैं। वर्तमान में वह CRPF झारखंड सेक्टर स्थित तिरिल आश्रम, धुर्वा में तैनात हैं।
टेलीग्राम ग्रुप से शुरू हुआ ठगी का खेल
पीड़ित के अनुसार, सबसे पहले उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया, जहां ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का दावा किया गया। इसके बाद एक लिंक भेजकर उन्हें व्हाट्सऐप पर शिफ्ट कराया गया, जहां से पूरे नेटवर्क का संचालन किया जा रहा था।
चंदन कुमार ने बताया कि 10 मार्च 2026 को आरोपियों के कहने पर उन्होंने यूपीआई के माध्यम से 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए। कुछ समय बाद ठगों ने दावा किया कि उनकी राशि बढ़कर 3.20 लाख रुपये हो गई है।
प्रोसेसिंग और ट्रेडिंग फीस के नाम पर वसूले पैसे
जब पीड़ित ने रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने प्रोसेसिंग फीस और ट्रेडिंग फीस के नाम पर अलग-अलग किश्तों में पैसे जमा कराने शुरू कर दिए। पहले दो खातों में 40 हजार और 30 हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए। इसके अगले दिन 80 हजार रुपये ‘ट्रेडिंग फीस’ के नाम पर जमा कराए गए।
मुनाफे के लालच और लगातार बनाए जा रहे दबाव में आकर पीड़ित ने कुल मिलाकर करीब दो लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। हालांकि, इसके बावजूद न तो उन्हें कोई लाभ मिला और न ही उनकी मूल रकम वापस की गई।
साइबर थाना पुलिस ने शुरू की जांच
ठगी का एहसास होने के बाद चंदन Kumar ने रांची साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर पुलिस संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया, टेलीग्राम और व्हाट्सऐप पर मिलने वाले ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश संबंधी लुभावने ऑफर्स से सावधान रहें तथा किसी भी अनजान लिंक या खाते में पैसे ट्रांसफर करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।

