NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

NEWS OF PARAMILITARY (CAPF)

देशभक्ति और सूचना का सशक्त मंच

BSF NEWS

गोरखपुर :छुट्टी पर घर आए BSF जवान की दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मौत,पीछे छूट गया पूरा परिवार

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान की मौत हो गई। तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जवान को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद वह करीब 10 मीटर तक घसीटते चले गए। हादसा इतना भयावह था कि सड़क पर मांस के टुकड़े बिखर गए। गंभीर रूप से घायल जवान ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, झंगहा थाना क्षेत्र के परसौनी गांव के पास सुबह करीब 8 बजे यह हादसा हुआ। ब्रह्मपुर विकास खंड के ग्राम बेलवा निवासी पवन (35) पुत्र बुद्धू प्रसाद, जो BSF में तैनात थे और वर्तमान में असम में पोस्टेड थे, निजी काम से चौरीचौरा जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद पवन सड़क पर गिर गए और ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिए में फंसकर कुछ दूरी तक घसीटते रहे। हादसे में उनका पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, घायल जवान कुछ देर तक सड़क पर तड़पते रहे।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि पवन 21 अप्रैल को ही छुट्टी लेकर अपने गांव लौटे थे। वह मात्र आठ दिन पहले परिवार के साथ समय बिताने घर आए थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी चंदा का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पांच वर्षीय बेटा अभय और दो वर्षीय बेटी हर्षिता पिता के साये से वंचित हो गए।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। वहीं गांव में शोक की लहर है और स्थानीय लोग शहीद जवान के परिवार के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं।

Spread the love

Editorial Desk – News of Paramilitary

Editorial Desk, News of Paramilitary, covers verified news, policy updates and field reports related to India’s Paramilitary Forces. Content is published following strict editorial standards.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page