दिवंगत CISF हेड कांस्टेबल की पत्नी को मिला 1 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा चेक
अयोध्या। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के कुरावन पूरे लौटन गोसाईं गांव निवासी दिवंगत CISF हेड कांस्टेबल राजबहादुर गोस्वामी की पत्नी लालमती को भारतीय स्टेट बैंक ने एक करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा चेक सौंपा है। मंगलवार को एसबीआई की मिल्कीपुर शाखा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह चेक अयोध्या के क्षेत्रीय प्रबंधक मुरली मनोहर द्वारा प्रदान किया गया।
राजबहादुर गोस्वामी (57) केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने नागालैंड में करीब तीन वर्षों तक सेवाएं दी थीं। हाल ही में उनका स्थानांतरण अयोध्या एयरपोर्ट पर हुआ था और वे मऊ शिवाला स्थित सीआईएसएफ कैंप में तैनात थे।
बीते 5 सितंबर की शाम लगभग छह बजे वे नाश्ते के लिए ब्रेड खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान अयोध्या–रायबरेली हाईवे पर मऊ शिवाला के पास अयोध्या की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। विभागीय सहयोग से उन्हें तत्काल चिरंजीव अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसबीआई मिल्कीपुर शाखा के प्रबंधक हेमेन्द्र सिंह ने बताया कि राजबहादुर गोस्वामी का बैंक में सैलरी अकाउंट था, जिसके अंतर्गत उन्हें एक करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा कवर प्राप्त था। सड़क दुर्घटना में मृत्यु की सूचना मिलने के बाद बैंक ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर मृतक की पत्नी लालमती के नाम एक करोड़ रुपये का बीमा चेक जारी किया।
दिवंगत राजबहादुर गोस्वामी के परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। सबसे छोटा बेटा आकाश (18) अविवाहित है और बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा है, जबकि अन्य सभी बच्चों का विवाह हो चुका है।
इस आर्थिक सहायता से शोकाकुल परिवार को कठिन समय में कुछ हद तक संबल मिला है। चेक सौंपे जाने के दौरान बैंक के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय ग्राहक भी उपस्थित रहे।
(SOURCE – DAINIK BHASKAR)

