मिनागट्टा में CRPF की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों का हथियार ठिकाना और संदिग्ध राइफल फैक्ट्री ध्वस्त
छत्तीसगढ़।
विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर सीआरपीएफ की 150वीं बटालियन ने 20 दिसंबर 2025 को मिनागट्टा गांव में सर्च ऑपरेशन (CASO) चलाकर नक्सलियों के एक बड़े ठिकाने और संदिग्ध राइफल निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई असिस्टेंट कमांडेंट श्री रौशन झा और श्री अजय कुमार के नेतृत्व में, कमांडेंट के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई।
घने जंगलों में बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच चलाए गए इस ऑपरेशन के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, संचार उपकरण और विस्फोटक सामग्री बरामद की। मौके से आठ सिंगल शॉट राइफल, आठ वीएचएफ सेट, वेल्डिंग और कटर मशीनें, इसके अलावा आईईडी निर्माण में इस्तेमाल होने वाली भारी मात्रा में सामग्री—जिसमें एएनएफओ, कॉर्डेक्स और डेटोनेटर शामिल हैं—जब्त की गई।
इसके साथ ही नक्सली वर्दियां और प्रतिबंधित साहित्य भी बरामद हुआ है, जिससे क्षेत्र में नक्सलियों की सक्रिय मौजूदगी और साजिशों की पुष्टि होती है। ऑपरेशन के बाद सभी जवान सुरक्षित रूप से एफओबी पालागुड़ा लौट आए।
सीआरपीएफ ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि वह मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद के समूल उन्मूलन के अपने संकल्प पर पूरी मजबूती से आगे बढ़ रही है। यह कार्रवाई नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों की सतर्कता, पेशेवर दक्षता और प्रतिबद्धता का मजबूत संदेश देती है।

