झुंझुनूं में दर्दनाक सड़क हादसा: छुट्टी पर घर लौट रहे ITBP जवान अजीत सिंह की मौत, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
राजस्थान के झुंझुनूं जिले में शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के कॉन्स्टेबल अजीत सिंह (35) की मौत हो गई। अरुणाचल प्रदेश में तैनात अजीत सिंह 15 दिन की छुट्टी लेकर अपने गांव स्वामी सेही लौट रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से कुछ किलोमीटर पहले ही दुर्घटना का शिकार हो गए।
गुवाहाटी से जयपुर पहुँचे, फिर सीकर तक बस से आए
सूत्रों के अनुसार, जवान अजीत सिंह गुवाहाटी से फ्लाइट लेकर जयपुर पहुंचे थे। वहां से वे बस द्वारा सीकर आए, लेकिन देर रात चिड़ावा के लिए आगे कोई बस न मिलने पर उन्होंने एक वैन चालक से लिफ्ट ली। घोड़ीवारा कलां स्थित बालाजी मंदिर के नजदीक अचानक वैन आगे जा रहे ट्रक में भिड़ गई।
मुकुंदगढ़ CHC में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे में आईटीबीपी जवान अजीत सिंह और वैन चालक 25 वर्षीय मंदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मुकुंदगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। मंदीप को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
परिवार में मचा कोहराम, छोटे भाई भी सेना में
मूल रूप से झुंझुनूं जिले के चिड़ावा उपखंड के स्वामी सेही गांव निवासी अजीत सिंह आईटीबीपी में कॉन्स्टेबल के पद पर अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे। उनके परिवार में पत्नी, सात वर्षीय पुत्र और छोटा भाई शामिल है, जो भारतीय सेना में सेवारत है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक छा गया।
लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज
परिजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि लापरवाही से वैन चलाने और ट्रक चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने की वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
शुक्रवार को गमगीन माहौल में अजीत सिंह का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में किया गया। ITBP की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। जवान की शहादत पर गांव सहित पूरे इलाके में शोक की लहर है।

