सिपाही से इंस्पेक्टर तक का सफर, 41 साल 8 महीने बाद CRPF से रिटायर हुए मनोज शर्मा;पोरसा पहुंचने पर भव्य स्वागत
पोरसा। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त होकर मनोज कुमार शर्मा अपने गृह नगर पोरसा पहुंचे। 41 साल 8 महीने तक देश की सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था में सेवा देने के बाद उनके आगमन पर शहरवासियों, परिजनों और दोस्तों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
मनोज शर्मा जैसे ही मुरैना से पोरसा पहुंचे, शहर की सीमा पर बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे। यहां से उन्हें गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ उनके गृह गांव किर्रायच के लिए ले जाया गया। रास्ते में कई स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई और फूल-मालाएं पहनाकर उनका नागरिक अभिनंदन किया गया।
सिपाही के रूप में शुरू किया सफर, इंस्पेक्टर पद से हुए सेवानिवृत्त
मनोज कुमार शर्मा वर्ष 1985 में CRPF में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। अपनी लंबी सेवा के दौरान उन्होंने विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियां निभाईं और लगातार पदोन्नति प्राप्त की।
वर्ष 1996 में उन्हें नायक, 2002 में हवलदार, 2012 में एएसआई और 2014 में एसआई के पद पर पदोन्नति मिली। इसके बाद वर्ष 2023 में वे इंस्पेक्टर बने। झारखंड में अपनी सेवा पूरी करने के बाद वे हाल ही में सेवानिवृत्त हुए।
चार दशक से अधिक लंबे सेवाकाल के बाद गृह नगर लौटे मनोज शर्मा का जिस तरह से स्वागत किया गया, वह उनके प्रति स्थानीय लोगों और परिजनों के सम्मान को दर्शाता है। इस दौरान लोगों ने उनके लंबे सेवाकाल और देश की सुरक्षा में दिए योगदान की सराहना की।

