जम्मू: स्कूटी सवार को बचाने में पलटा ट्रैक्टर, BSF इंस्पेक्टर की मौत; अगले महीने होने वाले थे रिटायर
जम्मू: जम्मू के रतनाल क्षेत्र में सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के इंस्पेक्टर वेद पाल सिंह की मौत हो गई। हादसे के समय वह छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। बताया जा रहा है कि वेद पाल सिंह अगले महीने ही सेवानिवृत्त होने वाले थे।
जानकारी के अनुसार, 59 वर्षीय वेद पाल सिंह पुत्र विचित्र सिंह निवासी रतनाल सोमवार सुबह अपने भाई के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे पलट गया।
ट्रैक्टर के नीचे दबे BSF इंस्पेक्टर
ट्रैक्टर पलटने के दौरान वेद पाल सिंह उसके नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके भाई और मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए बिश्नाह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही बिश्नाह पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों ने हादसे की जानकारी BSF अधिकारियों को भी दे दी है। बताया गया है कि वेद पाल सिंह का अंतिम संस्कार रतनाल में सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।
वेद पाल सिंह की अगले महीने सेवानिवृत्ति होने वाली थी। सेवानिवृत्ति से कुछ समय पहले हुए इस हादसे से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।

