BSF जवानों के लिए चेन्नई में नई सुविधाएं,केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार ने किया उद्घाटन
चेन्नई। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने शुक्रवार को तमिलनाडु के चेंगलपट्टू जिले के कीरापाक्कम स्थित सीमा सुरक्षा बल (BSF) कैंप में अधिकारियों और जवानों के लिए नवनिर्मित अत्याधुनिक सुविधाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने BSF जवानों की हौसला अफजाई की और कहा कि जवानों का कल्याण और सम्मान ही केंद्र सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
24 एकड़ में फैला है अत्याधुनिक कैंप, 8 एकड़ में बनी हैं इमारतें
अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि कीरापाक्कम-नल्लंबक्कम क्षेत्र में स्थित यह कैंप 24 एकड़ में फैला हुआ है, जिसमें लगभग 8 एकड़ में बिल्डअप एरिया में आधुनिक इमारतों का निर्माण किया गया है।
नए कॉम्प्लेक्स में रीजनल हेडक्वार्टर के लिए प्रशासनिक भवन, ऑफिसर मेस, अधीनस्थ अधिकारियों (SOs) के लिए मेस, जवानों के लिए अत्याधुनिक बैरक और लिविंग क्वार्टर, और एक सेंट्रलाइज्ड कैंटीन सुविधा शामिल है। यह कैंप BSF के सेक्टर हेडक्वार्टर, चेन्नई के अधीन आता है।
“इंफ्रास्ट्रक्चर मानव गरिमा में निवेश है” – मंत्री
BSF कर्मियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, “ऑपरेशनल तैयारी, अनुशासन और हाई मोरल सीधे तौर पर कठिन परिस्थितियों में सेवा देने वाले बलों की भलाई से जुड़ा है। इंफ्रास्ट्रक्चर मानव गरिमा और ऑपरेशनल उत्कृष्टता में निवेश है। अत्याधुनिक रहने की जगह और साफ, पौष्टिक भोजन की सुविधा सुनिश्चित करती है कि हमारे जवान मन की शांति के साथ अपनी ड्यूटी पर ध्यान केंद्रित कर सकें।”
उन्होंने कहा कि नया कॉम्प्लेक्स इस तरह से डिजाइन किया गया है कि ड्यूटी के बाद जवान मानसिक और शारीरिक रूप से तरोताजा हो सकें, जिससे वे और भी अधिक उत्साह और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों को निभा सकें।
नक्सल विरोधी अभियानों में अहम भूमिका निभा रहा है चेन्नई सेक्टर
गौरतलब है कि चेन्नई सेक्टर हेडक्वार्टर की स्थापना 2014 में हुई थी। यह दक्षिण भारत में BSF का एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बेस है। इसका टैक्टिकल रीजनल हेडक्वार्टर वर्तमान में ओडिशा के मलकानगिरी में नक्सल विरोधी अभियानों (Anti-Naxal Operations) के लिए तैनात है, जबकि इसका रियर हेडक्वार्टर चेन्नई से ही संचालित हो रहा है।
मंत्री ने कहा, “2014 में अपनी स्थापना के बाद से, चेन्नई सेक्टर नक्सलियों और राष्ट्र-विरोधी तत्वों के खिलाफ हमारी रक्षा पंक्ति का एक महत्वपूर्ण स्तंभ रहा है। इस सेक्टर द्वारा प्रदर्शित साहस और सतर्कता वास्तव में ड्यूटी के प्रति आपकी आजीवन प्रतिबद्धता के आदर्श को दर्शाती है।”
PM मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में जवानों के कल्याण पर फोकस
BSF को देश की रक्षा की पहली पंक्ति बताते हुए मंत्री ने क्षेत्र में तैनात कर्मियों के साहस और सतर्कता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में सरकार सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, “ये आधुनिक क्वार्टर केवल इमारतें नहीं हैं, बल्कि उन बहादुर कर्मियों और जवानों के प्रति हमारे सम्मान का प्रतीक हैं जो प्रतिकूल परिस्थितियों, शून्य से नीचे के तापमान और कई चुनौतियों के बावजूद, देश की सीमाओं की रक्षा के लिए सदैव सतर्क रहते हैं।”
दक्षिण भारत के BSF परिवारों को भी मिलेगा लाभ
मंत्री ने जानकारी दी कि इस नए कॉम्प्लेक्स के माध्यम से दक्षिण भारत में तैनात BSF कर्मियों के साथ-साथ उनके परिवार और बच्चे भविष्य में विभिन्न कल्याणकारी सेवाओं, प्रशासनिक सहायता, चिकित्सा लाभ और शैक्षिक सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
उन्होंने इस प्रोजेक्ट को पूरा करने वाले अधिकारियों, जवानों, इंजीनियरों और निर्माण एजेंसी की भी सराहना की और कहा कि बल का समर्पण और देशभक्ति पूरे देश के लिए प्रेरणा का काम करती है।
इस अवसर पर BSF कमांड हेडक्वार्टर (स्पेशल ऑपरेशन्स) रायपुर के ADG त्सेवांग नामग्याल, IG BSF ओडिशा सीएच सेथुराम, DIG SHQ BSF चेन्नई विजय सिन्हा और CPWD के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इससे पहले कैंप पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और उन्होंने परिसर में एक पौधा भी लगाया।

